सेंधवा: 40 साल 3 महीने की सेवायात्रा के बाद विद्यालय परिवार ने प्राचार्य राजपूत को सादगी और सम्मान के साथ दी विदाई
शासकीय बालक उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित समारोह में शिक्षकों, शिक्षिकाओं और छात्रों ने प्राचार्य राजपूत के योगदान को सम्मानपूर्वक याद किया।

सेंधवा के शासकीय बालक उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्राचार्य के विदाई समारोह में विद्यालय परिवार ने उनके लंबे कार्यकाल, नेतृत्व, अनुशासन और योगदान को श्रद्धापूर्वक याद किया। कार्यक्रम में शिक्षकों और छात्रों ने सम्मान, स्मृतियों और आभार के साथ विदाई दी।
सेंधवा। शासकीय बालक उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्राचार्य किशन सिंह राजपूत का विदाई समारोह गरिमामय और भावपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। विद्यालय परिवार द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शिक्षक, शिक्षिकाओं और छात्रों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर प्राचार्य राजपूत के प्रति सम्मान व्यक्त किया। 40 साल 3 महीने की सेवा एक ही स्थान पर शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सेंधवा में देना सभी के लिए गर्व का विषय बताया गया। समारोह में उपस्थित जनों ने कहा कि यह दिवस भावनाओं से भरा हुआ है, जहाँ एक ओर उनके योगदान की स्मृतियाँ हैं, वहीं दूसरी ओर विदाई की कल्पना भी कठिन रही। विद्यालय परिसर में उनकी सादगी, अनुशासन, नेतृत्व और समर्पण की स्पष्ट छाप का उल्लेख किया गया।
दीप प्रज्वलन से प्रारंभ हुआ कार्यक्रम
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई। इसके पश्चात शिक्षकों द्वारा प्राचार्य राजपूत को फूलमालाओं से सम्मानित किया गया। विभिन्न शिक्षकों ने उनके कार्यकाल, शैक्षणिक नेतृत्व, विद्यालय के विकास हेतु किए गए उल्लेखनीय प्रयासों और विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया।

शिक्षिका अंतिम बाला शर्मा ने साझा किए अनुभव
शिक्षिका अंतिम बाला शर्मा ने कहा कि प्राचार्य केवल पद नहीं, बल्कि दिशा देने वाले मार्गदर्शक रहे। विद्यालय के विकास के लिए उनकी दूरदृष्टि, निर्णय क्षमता और शिक्षा के प्रति संवेदनशीलता प्रेरणादायक रही। उन्होंने बताया कि प्राचार्य राजपूत ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को परिवार का हिस्सा मानकर आगे बढ़ने के अवसर दिए। उनकी नेतृत्व शैली ने विद्यालय के वातावरण को सकारात्मक और प्रगतिशील बनाया। उन्होंने कहा कि विदाई के क्षणों में उनके मार्गदर्शन, सीख और संस्कार हमेशा याद रहेंगे। उनके जाने से उत्पन्न रिक्तता को शब्दों में व्यक्त करना कठिन बताया गया। सभी की ओर से उनके उज्जवल भविष्य और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई।
छात्रों द्वारा स्वागत और सम्मान समारोह
11वीं और 12वीं गणित संकाय के छात्रों ने प्राचार्य राजपूत का स्वागत किया और उनके द्वारा केक कटवाया गया। इसके पश्चात उन्हें शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्राचार्य राजपूत ने विद्यालय परिवार के सहयोग और प्रेम के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सेंधवा विद्यालय की प्रगति उनके लिए सदैव गर्व का विषय रहेगी।
अंत में किरण कुमार नाइक ने आभार व्यक्त कर कार्यक्रम का समापन किया। कार्यक्रम का संचालन अंतिम बाला शर्मा ने किया। संकुल के शिक्षक, शिक्षिकाएँ, विद्यालय स्टाफ और छात्र उपस्थित रहे।



