सेंधवामुख्य खबरे

सेंधवा देव दर्शन कॉलोनी में व्यावसायिक निर्माण पर विरोध, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

कॉलोनीवासियों ने आवासीय नियमों के उल्लंघन और सुरक्षा पर असर का हवाला दिया

सेंधवा शहर की एक आवासीय कॉलोनी में मुख्य प्रवेश द्वार के पास हो रहे निर्माण को लेकर रहवासियों ने आपत्ति दर्ज कराई है। व्यावसायिक गतिविधियों से सुरक्षा, यातायात और दैनिक जीवन प्रभावित होने की आशंका जताते हुए प्रशासन से रोक लगाने की मांग की गई है।

सेंधवा शहर की देव दर्शन कॉलोनी के रहवासियों ने शुक्रवार को एसडीएम कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार राहुल सोलंकी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कॉलोनी के मुख्य गेट के समीप सड़क किनारे हो रहे व्यावसायिक निर्माण पर कड़ी आपत्ति जताई गई। रहवासियों ने स्पष्ट किया कि कॉलोनी आवासीय क्षेत्र में आती है, ऐसे में यहां किसी भी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधि कॉलोनी के स्वरूप और नियमों के विपरीत है।

आवासीय भूखंड पर दुकानों के निर्माण का आरोप

ज्ञापन के माध्यम से कॉलोनी निवासी महेंद्र परिहार और विजय महादाणे ने बताया कि लोहार पट्टी निवासी एक व्यक्ति द्वारा कॉलोनी के मुख्य गेट के पास स्थित एक आवासीय भूखंड क्रय किया गया है। इस भूखंड पर टीन शेड लगाकर व्यावसायिक दुकानों का निर्माण किया जा रहा है। रहवासियों का कहना है कि यह निर्माण न तो आवासीय नियमों के अनुरूप है और न ही इसके लिए किसी प्रकार की वैधानिक अनुमति ली गई है।

सुरक्षा, यातायात और सामाजिक असहजता की आशंका

कॉलोनीवासियों ने बताया कि यदि मुख्य गेट के पास दुकानें संचालित होती हैं तो बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ेगी। इससे कॉलोनी में रहने वाली महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को असुरक्षा और असहजता का सामना करना पड़ सकता है। इसके अलावा कॉलोनी की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होने की भी आशंका जताई गई है, जिससे शांत आवासीय वातावरण बाधित होगा।

स्कूल मार्ग और दुर्घटना की संभावनाओं पर चिंता

रहवासियों ने यह भी अवगत कराया कि कॉलोनी के पीछे दक्षिण दिशा में एक निजी स्कूल संचालित है। स्कूल के विद्यार्थी और उनके अभिभावक प्रतिदिन इसी मार्ग से आवागमन करते हैं। मुख्य गेट के पास व्यावसायिक गतिविधियां शुरू होने से यातायात बाधित होने और दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ने की बात कही गई। ज्ञापन में मांग की गई कि आवासीय क्षेत्र में किसी भी प्रकार की व्यावसायिक अनुमति न दी जाए। इस दौरान बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी उपस्थित रहे।


Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!