बड़वानी। स्टार्टअप विकसित भारत का आधार बनेगा डॉ. प्रमोद पंडित

बड़वानी। शासकीय आदर्श महाविद्यालय बड़वानी में स्टार्टअप दिवस 16 जनवरी के अवसर पर आयोजित विशिष्ट कार्यशाला में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ प्रमोद पंडित और अहमदाबाद से प्रशिक्षित जिला नोडल करियर सेल डॉ. अनिल पाटीदार के द्वारा विद्यार्थियों को स्टार्टअप पर प्रेरक मार्गदर्शन दिया।
उच्च शिक्षा विभाग एवं स्वामी विवेकानंद कैरियर योजना के अनुसार 16 जनवरी को स्टार्टअप दिवस के अंतर्गत विद्यार्थियों को स्टार्टअप संबंधी मार्गदर्शन देने हेतु कार्यशाला का आयोजन किया गया था। इसमें महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रमोद पंडित ने विद्यार्थियों को कहा कि आप अपने जुनून साहस और क्षमता को नवाचार धैर्य और विवेक से देश के विकास में लगाये। आपकी सोच से देश की समस्याओं का समाधान होगा। प्रशिक्षित डॉ. पाटीदार ने कहा कि स्टार्टअप 16 जनवरी, 2016 को देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्रीमान नरेंद्र मोदी जी ने प्रारंभ किया। इसके अंतर्गत स्टार्टअप प्रारंभ करने वाले को विभिन्न शासकीय वित्तीय सुविधा देने की योजना बनाई गई। अटल नवोन्मेष मिशन के माध्यम से भी स्टार्टअप को फंडिंग देने की व्यवस्था बनाई किसी स्टार्टअप को प्रारंभ करने के लिए नवाचार, समस्या का समाधान और चुनौती को अवसर में बदलने तथा बाजार की मांग और दिशा को समझ कर उसके अनुरूप प्रोडक्ट या विचार को स्टार्टअप के रूप में प्रारंभ किया जा सकता है।

आज बड़ी संख्या में स्टार्टअप्स आ रहे हैं जिससे लोगों का जीवन आसान बन रहा है। तकनीक के प्रयोग से प्रतिदिन की आवश्यकताओं को सहजता से पूरा करने हेतु जो नवाचार हो रहे हैं, वह स्थापित होकर के यूनिकॉर्न बन जाते हैं। करोड़ों रुपए की फंडिंग और लाभ रोजगार सृजित किए जा सकते हैं। आज आवश्यकता है युवा को नौकरी मांगने की बजाय नौकरी सृजित करने की। एक स्टार्टअप से अनेकों अवसर पैदा किए जा सकते हैं। बिजनेस आइडिया जो परंपरागत व्यवसाय को बदलने का साहस करें और उपभोक्ता या ग्राहक तक आसान पहुंच बनाएं। ऐसे स्टार्टअप आज सबसे अधिक लोकप्रिय हो रहे। स्टार्टअप दिवस पर आयोजित कार्यशाला में भूगोल विभाग के डॉ. दिनेश पाटीदार ने आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को कहा कि आप अपने विचारों को मूर्त रूप देने के लिए साहस के साथ जोखिम ले और फंडिंग जूटा कर अपने सपनों को साकार करें।।



