सेंधवा में किसान जन आंदोलन यात्रा की शुरुआत, अंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ शुभारंभ, मंडी में नुक्कड़ सभा कर उठाईं किसान समस्याएं
किसान जन आंदोलन यात्रा के पहले दिन शहर और ग्रामीण अंचल में विभिन्न स्थानों से होकर गुजरी यात्रा

सेंधवा में जिला किसान कांग्रेस द्वारा किसानों के हितों की रक्षा और उपज का उचित मूल्य दिलाने के उद्देश्य से किसान जन आंदोलन यात्रा की शुरुआत की गई। यात्रा का शुभारंभ अंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ और मंडी परिसर में नुक्कड़ सभा आयोजित की गई।
जिला किसान कांग्रेस द्वारा शुक्रवार को किसान जन आंदोलन यात्रा का शुभारंभ किया गया। यात्रा की शुरुआत पुराने बस स्टैंड स्थित संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष सीलदार सोलंकी ने पुष्पमाला अर्पित कर यात्रा को रवाना किया।

सफाई व्यवस्था को लेकर नगर पालिका पर नाराजगी
इस दौरान जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष सीलदार सोलंकी ने अंबेडकर प्रतिमा के आसपास गंदगी को लेकर नाराजगी जताई और नगर पालिका तथा स्थानीय प्रशासन पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि महान विभूतियों की प्रतिमाओं के आसपास स्वच्छता बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है। नगर पालिका से नियमित सफाई कराने और प्रशासन से समय-समय पर निगरानी की मांग की गई।

कृषि उपज मंडी में आयोजित हुई नुक्कड़ सभा
अंबेडकर प्रतिमा से रवाना होकर किसान जन आंदोलन यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए किला परिसर स्थित कृषि उपज मंडी पहुंची। मंडी परिसर में किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में नुक्कड़ सभा आयोजित की गई।

उचित मूल्य और एमएसपी गारंटी की मांग
नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष सीलदार सोलंकी ने किसानों को फसल का उचित मूल्य नहीं मिलने और खेती की बढ़ती लागत का मुद्दा उठाया। उन्होंने न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी, खाद-बीज की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण और मंडी व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग रखी।

किसानों ने रखीं समस्याएं, गांव-कस्बों तक जाएगी यात्रा
कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस पदाधिकारी, किसान नेता, पंचायत प्रतिनिधि, युवा कांग्रेस कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। कई किसानों ने अपनी समस्याएं साझा कीं। किसान कांग्रेस ने बताया कि यह यात्रा जिले के अन्य गांवों और कस्बों में भी जाएगी।

पिसनावल फाटा पर हुआ स्वागत, यात्रा मार्ग तय
किसान जन आंदोलन यात्रा का पिसनावल फाटा पर पीसनावल, लवाणी और मंदिल के कार्यकर्ताओं द्वारा पुष्पमालाएं पहनाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर किसानों की समस्याओं पर चर्चा कर यात्रा के उद्देश्य को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
पहले दिन यात्रा चाचरिया फाटा, पिसनावल फाटा, झोपाली, मेहतगांव, थीगली, कुसमी, जामपाटी, जामन्या, झापड़ी पाड़ला, पिपलिया डेब, कालापाट, घुड़चाल, पिपलिया गोई और नवलपुरा से होते हुए रात 8 बजे बोरली में समाप्त होगी।



