जिले को पुर्ण रूप से बाल विवाह मुक्त करने संस्था आस ने शुरू किया बाल विवाह मुक्ति रथ प्रभारी मंत्री और अधिकारियों ने दिखाई हरी झंडी

बड़वानी जिले में संस्था आस द्वारा जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन एलायंस के सहयोग से 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत बाल विवाह मुक्ति रथ का 26 जनवरी गणतंत्र दिवस पर शुभारंभ किया गया है।
बाल विवाह की रोकथाम एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से संस्था आस द्वारा बड़वानी जिले में बाल विवाह मुक्ति रथ का शुभारंभ परेड मैदान से धुमधाम के साथ किया गया।
इस अवसर जिले के प्रभारी मंत्री श्री गौतम टैटवाल, लोकसभा सांसद श्री गजेंद्र सिंह पटेल, राज्य सभा सांसद डॉ सुमेर सिंह सोलंकी, बड़वानी कलेक्टर श्रीमति जयती सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री जगदीश डावर, जिला पंचायत सीईओ सुश्री काजल जावला, WCD से DPO श्री रतन सिंह गुंडीया एवं जिले के समस्त जिला अधिकारी समस्त कालेज, स्कूल के स्टाफ एवं बच्चे उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों द्वारा बाल विवाह मुक्ति रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। साथ ही पदाधिकारियों ने रथ पर हस्ताक्षर कर बाल विवाह की रोकथाम हेतु अपना संदेश दिया।

दरअसल यह बाल विवाह मुक्ति रथ आगामी 100 दिनों तक बड़वानी जिले के विभिन्न ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में भ्रमण करेगा। इस दौरान ग्रामीण समुदाय, जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों एवं किशोर-किशोरियों को बाल विवाह निषेध अधिनियम, इसके दुष्परिणामों तथा बाल अधिकारों के संबंध में जागरूक किया जाएगा। साथ ही, बाल विवाह की संभावित घटनाओं की सूचना समय पर संबंधित विभागों तक पहुँचाने हेतु लोगों को प्रेरित किया जाएगा।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने बाल विवाह को सामाजिक कुरीति बताते हुए इसके उन्मूलन के लिए सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी पर बल दिया। संस्था आस द्वारा प्रशासन के समन्वय से चलाया जा रहा यह अभियान बालिकाओं के सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक सशक्त पहल है।




