सेंधवा: नागलवाड़ी लूट कांड का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार, देसी पिस्टल जब्त
प्रभारी पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर के निर्देशन में, एसडीओपी अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई

जनोदय पंच। सेंधवा के पास थाना नागलवाड़ी क्षेत्र में 20 जनवरी को हुई व्यापारी लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया। चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 71,000 रुपये नकद, काला बैग और अवैध देसी पिस्टल जब्त की गई। मामले में अपराध क्रमांक 18/2026 दर्ज है। आरोपियों को 04 फरवरी को न्यायालय में पेश किया गया।
सेंधवा के पास नागलवाड़ी में 20 जनवरी 2026 को हुई व्यापारी लूट की घटना का थाना नागलवाड़ी पुलिस ने बुधवार को सफल खुलासा किया। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटा गया माल बरामद कर लिया है।प्रभारी पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर के निर्देशन में एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सेंधवा अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नागलवाड़ी निरीक्षक माधव सिंह ठाकुर के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ की।
घटना के संबंध में थाना नागलवाड़ी पर अपराध क्रमांक 18/2026 धारा 309(4) भारतीय न्याय संहिता एवं बढ़ाई गई धारा 25-ए आर्म्स एक्ट पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
71 हजार नकद, काला बैग और अवैध देसी पिस्टल जब्त
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपियों के कब्जे से घटना में लूटी गई राशि में से 71,000 रुपये नकद एवं एक काले रंग का बैग बरामद किया गया। साथ ही घटना में प्रयुक्त एक अवैध देसी पिस्टल जप्त की गई। पुलिस ने बताया कि घटना में प्रयुक्त दो-पहिया वाहन पूर्व से थाना राजपुर में जप्त है।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान असलम पिता फैजु सैयद (22) निवासी ईदगाह मोहल्ला बड़वानी, मुकेश उर्फ गारदा पिता लालू डावर (19) निवासी बंधान बड़वानी, अनिल पिता रूमसिंह डावर (28) निवासी बंधान बड़वानी एवं निवोद पिता सरदार बड़ोले (26) निवासी इन्द्रपुर राजपुर के रूप में की है। पुलिस ने बताया कि प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों को आज दिनांक 04.02.2026 को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
टीम में इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी नागलवाड़ी निरीक्षक माधव सिंह ठाकुर, सहायक उपनिरीक्षक शक्तिसिंह सिकरवार, प्रधान आरक्षक 260 सूरजसिंह, प्रधान आरक्षक 346 राहुल पाटील, प्रधान आरक्षक चालक 503 राजेश, आरक्षक 544 जालम, आरक्षक 377 सतीश, आरक्षक 542 अजय कलमे, आरक्षक 463 अशोक एवं आरक्षक 424 अरुण राठौड़ की सराहनीय भूमिका रही।



