ट्रेड डील पर कांग्रेस का विरोध, सचिन यादव बोले— किसानों के हित गिरवी रखे गए
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा— एमएसपी की कानूनी गारंटी के लिए किसान पहले से संघर्षरत, ऐसे में अमेरिकी कृषि उत्पादों के लिए बाजार खोलना प्रतिकूल।

जनोदय पंच। कसरावद विधायक और पूर्व कृषि मंत्री सचिन यादव ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस समझौते से किसानों के हितों से समझौता किया गया है। यादव ने मांग की कि ट्रेड डील में एमएसपी और घरेलू बाजार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
कसरावद विधायक और पूर्व कृषि मंत्री सचिन यादव ने भारत-अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस समझौते से किसानों के हितों को अमेरिका के सामने गिरवी रखा गया है।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सचिन यादव ने बुधवार दोपहर कसरावद में कहा कि देश के किसान न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी के लिए पहले से ही संघर्ष कर रहे हैं।
भारतीय बाजार खोलने को बताया प्रतिकूल
सचिन यादव ने कहा कि ऐसे समय में सरकार द्वारा अमेरिकी कृषि उत्पादों के लिए भारतीय बाजार खोलना किसानों के लिए प्रतिकूल साबित होगा। उन्होंने कहा कि इसका सीधा असर भारतीय किसानों पर पड़ेगा, क्योंकि वे विदेशी कंपनियों के सामने प्रतिस्पर्धा नहीं कर पाएंगे।
किसानों पर बढ़ेगा दबाव
यादव ने तर्क दिया कि भारतीय किसान पहले से ही लागत, मौसम और बाजार की अनिश्चितताओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि विदेशी कृषि उत्पादों को बढ़ावा देना किसानों की आय बढ़ाने के सरकार के दावों के विपरीत है।
सचिन यादव ने केंद्र सरकार से मांग की कि ट्रेड डील में किसानों के हितों का पूर्ण संरक्षण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि एमएसपी, फसल की उचित कीमत और घरेलू कृषि बाजार की सुरक्षा से कोई समझौता स्वीकार्य नहीं होगा।
सड़क से संसद तक विरोध की चेतावनी
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सचिन यादव ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस समझौते में किसानों के हितों की अनदेखी की, तो कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ मिलकर सड़क से संसद तक इसका विरोध करेगी।



