कसरावद: बेड़ी पर मिले नग्न शव की गुत्थी सुलझी, 8 दिन की जांच के बाद युवक की हत्या का खुलासा, नाबालिग निकला आरोपी
30-31 जनवरी की रात हुई थी वारदात, एफएसएल, साइबर सेल, डॉग स्क्वाड और सीसीटीवी की मदद से आरोपी तक पहुंची पुलिस

खरगोन। दिनेश गीते। कसरावद में संग्रहालय बेड़ी क्षेत्र में मिले नग्न शव के मामले में पुलिस ने 8 दिन बाद हत्या की गुत्थी सुलझा ली। पुलिस ने एक विधिविरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लेकर गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूछताछ में पत्थर से वार कर हत्या करना स्वीकार किया।
31 जनवरी 2026 को थाना कसरावद को सूचना मिली कि मटन मार्केट के पीछे संग्रहालय बेड़ी, कसरावद पर एक व्यक्ति का शव पड़ा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों से चर्चा में मृतक की पहचान राकेश उर्फ राका पिता जयराम चौहान, उम्र 41 वर्ष, निवासी मटन मार्केट कसरावद के रूप में हुई। शव नग्न अवस्था में मिला था। सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें थीं तथा खून अधिक निकला हुआ था। घटनास्थल पर खून लगे पत्थर भी पड़े मिले।
अपराध दर्ज, एसपी के निर्देश पर गठित हुई टीम
मामले में थाना कसरावद पर अपराध क्रमांक 37/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक खरगोन रविन्द्र वर्मा के निर्देशन और अति. पुलिस अधीक्षक खरगोन (ग्रामीण) शकुन्तला रुहल के मार्गदर्शन में एसडीओपी मंडलेश्वर श्वेता शुक्ला तथा थाना प्रभारी कसरावद निरीक्षक राजेन्द्र बर्मन के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

डॉग स्क्वाड और सीसीटीवी से जुटे सुराग
पुलिस टीम ने घटनास्थल से परिस्थितिजन्य साक्ष्य एकत्र किए। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जिला खरगोन से एफएसएल टीम, फिंगरप्रिंट टीम, साइबर सेल टीम और डॉग स्क्वाड ने भी मौके का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य संकलित किए। साथ ही घटनास्थल व आसपास के क्षेत्र के संभावित रास्तों के सीसीटीवी फुटेज जुटाकर उनका बारीकी से अवलोकन किया गया। मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया। पुलिस ने मृतक के परिजनों से 4-5 दिन तक विस्तृत चर्चा की। परिजनों ने पुलिस को बताया कि राकेश उर्फ राका मानसिक रूप से कमजोर भी था।
आरोपी बालक ने पूछताछ में हत्या स्वीकार की
पुलिस को जांच में जानकारी मिली कि रामदेव बेड़ी कसरावद पर रहने वाले एक विधिविरुद्ध बालक ने मृतक की मां के घर देर शाम शराब पी थी। पुलिस ने बालक को अभिरक्षा में लिया। मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ में उसने हत्या करना स्वीकार किया।
बालक ने बताया कि 30 जनवरी 2026 को वह मृतक की मां के घर शराब पी रहा था। उसी दौरान राकेश उर्फ राका वहां आया और शौच करने की बात कहकर बेड़ी तरफ चला गया। कुछ देर बाद वह भी उसके पीछे गया। बेड़ी पर पहुंचने के बाद उसने संबंध बनाने के लिए राकेश के कपड़े उतारने शुरू किए, लेकिन राकेश ने मना किया और कहा कि वह यह बात सबको बता देगा। इसके बाद झूमा-झटकी हुई। आरोपी ने वहीं पड़ा छोटा पत्थर उठाकर राकेश के सिर पर मार दिया। राकेश गिरा, फिर उठा और हाथापाई हुई। आरोपी ने पत्थरों से सिर पर दोबारा वार किए, जिससे राकेश की मौत हो गई। इसके बाद वह वहां से भाग गया।
पुलिस ने आरोपी विधिविरुद्ध बालक को माननीय किशोर न्याय बोर्ड जिला खरगोन में पेश किया। बोर्ड के आदेश पर उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया। मामले का खुलासा रविवार दोपहर 2:30 बजे एडिशनल एसपी शकुन्तला रुहल द्वारा किया गया।



