खरगोन: कंपनी के 5 चौकीदार गिरफ्तार, 37 बैटरी और इको कार जब्त; गुमराह करने खुद ही दी चोरी की सूचना

खरगोन। दिनेश गीते। खरगोन जिले के भीलगांव स्थित आत्मनिर्भर ऊर्जा प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के गोदाम से हुई 37 बैटरी चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए 5 सिक्योरिटी गार्ड (चौकीदार) को गिरफ्तार किया है। यह चोरी 6 से 7 फरवरी के बीच हुई थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6.50 लाख रुपए कीमत की 37 बैटरियां और वारदात में इस्तेमाल की गई 6 लाख रुपए की इको कार जब्त कर कुल 12.50 लाख रुपए का माल बरामद किया है।
कंपनी के प्लांट हेड अजय ने पुलिस को बताया कि 7 फरवरी सुबह 11 बजे सिक्योरिटी गार्ड रूतेश ने फोन पर चोरी की सूचना दी थी। उस समय अजय अहमदाबाद में थे। रूतेश ने बताया था कि चोरी 6 फरवरी रात 10 बजे से 7 फरवरी सुबह 5 बजे के बीच हुई। 8 फरवरी को स्टॉक जांच में कुल 304 बैटरियों में से 37 बैटरियां कम पाई गईं, जिसके बाद शिकायत दर्ज कराई गई।
कसरावद पुलिस ने जांच में रात ड्यूटी पर तैनात करण पिता दुलेसिंह बघेल (निवासी तलावड़ी) और रूतेश पिता श्रीराम निंगवाल (निवासी बेकल्या) पर संदेह जताया। 8 फरवरी की रात दोनों बिना बताए कंपनी से भाग गए, जिससे शक और पुख्ता हो गया।
पुलिस ने दोनों को कुक्षी से हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपने साथी उमेश पिता गुमानसिंह चौहान (निवासी उमराली), बादल पिता मुलेसिंह बघेल (निवासी बलवानी) और रोहित उर्फ रवि पिता इंदरसिंह मोरी (निवासी मोरीपुरा सुसार) के साथ मिलकर चोरी करना कबूल किया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने तीन बार इको कार से बैटरियां ढोईं और बचने के लिए खुद ही चोरी की सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने की साजिश रची।



