मंदिर के पुजारी पर युवती से 8 साल तक रेप का आरोप, शादी की बात पर धमकी देने का दावा
महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आशीष राज तिवारी उर्फ राज तिवारी के खिलाफ धारा 69, 351(3) सहित SC-ST एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।

जनोदय पंच। शहडोल में विराटेश्वरी दुर्गा मंदिर क्षेत्र के एक पुजारी पर युवती ने शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने, जातिसूचक शब्द कहने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला थाना पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला पुलिस के अनुसार, यह मामला 18 फरवरी की रात कोतवाली पहुंचा। पीड़िता सीधी की मूल निवासी (28) है और वर्तमान में शहडोल में रहती है। पीड़िता ने शिकायत में बताया कि उसकी पहचान दुर्गा मंदिर क्षेत्र में पुजारी के रूप में कार्यरत आशीष राज तिवारी उर्फ राज तिवारी से हुई थी।
शादी का वादा, फिर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप
पीड़िता के अनुसार आरोपी ने खुद को अविवाहित बताकर शादी का वादा किया। इसी भरोसे पर उसने शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी उसे अलग-अलग किराए के मकानों में रखता रहा और कई बार होटलों में भी ठहराया। इस दौरान आरोपी लगातार शादी का आश्वासन देता रहा।
8 फरवरी को विवाद, दुर्व्यवहार और धमकी का आरोप
पीड़िता ने बताया कि 8 फरवरी को दुर्गा मंदिर परिसर में शादी को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि इस दौरान पुजारी ने सार्वजनिक रूप से युवती के साथ दुर्व्यवहार किया, जातिसूचक शब्द कहे और शादी से साफ इनकार कर दिया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसे जान से मारने की धमकी दी गई।
किन धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी आशीष राज तिवारी के विरुद्ध धारा 69, 351(3) सहित SC-ST एक्ट की विभिन्न सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
जांच अधिकारी का बयान
जांच अधिकारी उपनिरीक्षक वर्षा बैगा ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है। आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों पर निर्भर करेगी।
डीएसपी मुख्यालय ने दी जानकारी
उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय शहडोल राजेंद्र मोहन दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि विराटेश्वरी दुर्गा मंदिर के पुजारी पर एक महिला ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।



