इंदौर: रसोई में कॉकरोच, सड़े आलू, गंदे बर्तन… राज्यपाल ने कोठी में भोजन से किया इनकार, अपर कलेक्टर ने कीड़े मिलने की बात को गलत बताया
दीक्षांत समारोह में शामिल होने आए राज्यपाल के दौरे में सामने आई व्यवस्थाओं की गंभीर खामियां, किचन इंचार्ज को फटकार और एजेंसी पर कार्रवाई की बात।

जनोदय पंच। इंदौर में रेसीडेंसी कोठी में ठहरने पहुंचे राज्यपाल मंगुभाई पटेल को गंभीर अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ा। गंदी बेडशीट, रसोई में गंदगी और ठंडी चाय मिलने पर नाराजगी जताई गई। इसके बाद राज्यपाल ने कोठी में भोजन करने से इनकार कर दिया और एयरपोर्ट पर भोजन करने की बात कही।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल मंगलवार को देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (DAVV) के दीक्षांत समारोह में शामिल होने इंदौर आए थे। इस दौरान रेसीडेंसी कोठी में ठहराव के समय व्यवस्थाओं को लेकर असंतोष की स्थिति बनी।
किचन निरीक्षण में गंदगी और सामग्री की खामियां
सुबह एडीसी नरेंद्र रावत और अधिकारी विपुल शाह ने रसोई का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान किचन में कॉकरोच और कीड़े पाए जाने की बात सामने आई। बर्तन गंदे थे और सड़े आलू व छिलके पड़े थे। पैंट्री और फ्रिज की जांच में भी अव्यवस्था मिलने की जानकारी अधिकारियों ने राज्यपाल को दी। इसके बाद राज्यपाल ने कोठी में भोजन नहीं किया।
सुरक्षा स्टाफ को दागदार बेडशीट, कर्मचारियों से जवाब नहीं
राज्यपाल की सुरक्षा में तैनात अधिकारियों को दाग और धब्बों वाली बेडशीट दी गई। साफ बेडशीट मांगने पर कर्मचारियों की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की बात सामने आई। इस पर अधिकारियों ने कड़ी नाराजगी जताई।
किचन इंचार्ज को फटकार, नए कुकर-क्राकरी की व्यवस्था
अधिकारियों ने किचन इंचार्ज राकेश सिंह और अमित शर्मा को फटकार लगाई। आवश्यक बर्तन और सामग्री की सूची भी मांगी गई। दोपहर में नए कुकर और क्राकरी की व्यवस्था कराई गई। जानकारी के अनुसार, हाउसकीपिंग की जिम्मेदारी रतन एंपोरियम सिक्योरिटी कंपनी के पास है।
कर्मचारियों का आरोप, जुलाई 2023 से भुगतान नहीं मिला
हाउसकीपिंग कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि उन्हें जुलाई 2023 से भुगतान नहीं मिला है। हाल ही में चार लाख रुपए जारी किए गए। कंपनी के संचालक अमनवीर अरोरा बताए गए हैं।
अपर कलेक्टर ने कीड़े मिलने की बात को गलत बताया
किचन इंचार्ज राकेश प्रताप ने माना कि बेडशीट पर दाग था, जिससे राज्यपाल नाराज हुए। हालांकि, अपर कलेक्टर रोशन राय ने भोजन में कीड़े मिलने की बात को गलत बताया। उनका कहना है कि संबंधित एजेंसी पर कार्रवाई की गई है और मामला खराब व्यवहार से जुड़ा है।



