भोपाल: MP में 14 IPS अधिकारियों के तबादले, संजय कुमार बने नए पुलिस कमिश्नर, गृह विभाग का बड़ा फेरबदल, पुलिस मुख्यालय से लेकर रेंज स्तर तक नई पदस्थापना
मध्य प्रदेश में 14 IPS अधिकारियों के तबादलों के साथ कई अहम पदों पर नई नियुक्तियां

भोपाल: मध्य प्रदेश में 14 IPS अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। गृह विभाग द्वारा जारी आदेश में भोपाल, उज्जैन, बालाघाट सहित विभिन्न रेंज और पुलिस मुख्यालय स्तर पर अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
मध्य प्रदेश में हुए प्रशासनिक फेरबदल के तहत बालाघाट रेंज के IG संजय कुमार को भोपाल का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। मौजूदा पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्रा को IG, SCRB पुलिस मुख्यालय ट्रांसफर किया गया है।
IPS पंकज कुमार श्रीवास्तव, जो पूर्व में स्पेशल डीजी एंटी-नक्सल ऑपरेशन, एसटीएफ, सीआईडी और सतर्कता का दायित्व संभाल रहे थे, अब स्पेशल डीजी सीआईडी और स्पेशल डीजी सतर्कता पुलिस मुख्यालय बनाए गए हैं। उनसे एंटी-नक्सल ऑपरेशन और एसटीएफ का प्रभार हटाया गया है।
केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे अधिकारियों को पदस्थापना
केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे अनंत कुमार सिंह को स्पेशल डीजी और प्रबंध संचालक, मध्य प्रदेश पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उज्जैन रेंज के ADG उमेश जोगा को परिवहन आयुक्त के रूप में नई तैनाती दी गई है।
उज्जैन, नारकोटिक्स और तकनीकी सेवाओं में बदलाव
ADG नारकोटिक्स केपी वेंकटेश्वर राव को ADG तकनीकी सेवाएं नियुक्त किया गया है, साथ ही एंटी-नक्सल ऑपरेशन का अतिरिक्त प्रभार भी उन्हें सौंपा गया है। डी. श्रीनिवास वर्मा को ADG नारकोटिक्स बनाया गया है और ADG STF का अतिरिक्त दायित्व भी दिया गया है।
खेल और युवक कल्याण विभाग से जुड़ी नियुक्तियां
खेलो MP यूथ गेम्स के आयोजन के बीच जारी आदेश में अंशुमान यादव को संचालक, खेल एवं युवक कल्याण विभाग नियुक्त किया गया है। राकेश गुप्ता को ADG एवं रेंज IG उज्जैन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
IG स्तर पर नई जिम्मेदारियां
परिवहन आयुक्त विवेक शर्मा को ADG PTRI पुलिस मुख्यालय पदस्थ किया गया है। IG अभय सिंह को भोपाल IG देहात से हटाकर IG योजना, पुलिस मुख्यालय बनाया गया है। संजय तिवारी को IG योजना से IG भोपाल देहात पदस्थ किया गया है।
चैत्रा एन को IG SCRB पुलिस मुख्यालय से IG शहडोल रेंज बनाया गया है। ललित शाक्यवार को IG शिकायत एवं मानव अधिकार पुलिस मुख्यालय से IG बालाघाट रेंज की जिम्मेदारी दी गई है।





