भोपालमध्यप्रदेशमुख्य खबरे

भोपाल: जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए स्वास्थ्य और आधुनिक कृषि जरूरी – राज्यपाल मंगुभाई पटेल

अनुसूचित जनजाति उपयोजना के कार्यक्रम में किसानों को कृषि उपकरण, बीज और सिंचाई घटक के हितलाभ वितरित, सिकल सेल एनीमिया जागरूकता पर दिया संदेश

जनोदय पंच। भोपाल में आयोजित राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया जागरूकता कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए स्वास्थ्य और आधुनिक कृषि पद्धतियों की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम में 300 जनजातीय किसानों को 36 लाख रुपये से अधिक के कृषि उपकरण, बीज और हितलाभ वितरित किए गए।


स्वास्थ्य और आधुनिक कृषि से होगा जनजातीय क्षेत्रों का विकास

भोपाल। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए स्वास्थ्य और आधुनिक कृषि पद्धतियों की जागरूकता जरूरी है। विकास के लिए खेत और किसान की अच्छी सेहत होना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि सिकल सेल एनीमिया जैसी आनुवांशिक बीमारी के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना, समय पर जांच और उपचार सुनिश्चित करना तथा किसानों को आधुनिक कृषि संसाधनों से जोड़ना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

सिकल सेल जागरूकता और कृषि उपकरण वितरण कार्यक्रम

राज्यपाल मंगुभाई पटेल अनुसूचित जनजाति उपयोजना के अंतर्गत आयोजित राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया जागरूकता कार्यक्रम एवं कृषि उपकरण और बीज वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। राज्यपाल ने इस अवसर पर 300 जनजातीय किसानों को 36 लाख रुपये से अधिक के कृषि उपकरण, बीज और प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के सूक्ष्म सिंचाई घटक के हितलाभ प्रदान किए। विभिन्न विभागों के हितलाभ हितग्राहियों को वितरित किए गए। उद्यानिकी विभाग द्वारा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को अनुदान स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए गए।

सिकल सेल से पीड़ित मरीजों से की चर्चा

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने सिकल सेल से पीड़ित मरीजों से चर्चा कर उनका हालचाल जाना तथा उनके स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली। उन्होंने फोलिक एसिड और हाइड्रोक्सी यूरिया की दवाओं का नियमित उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर सुश्री जानकी डावर ने राज्यपाल को स्वनिर्मित पेंटिंग भेंट की।

सिकल सेल एनीमिया के बारे में दी जानकारी

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि सिकल सेल अनुवांशिक रक्त विकार है, जो लड़के और लड़कियों दोनों में समान रूप से पाया जाता है। इस बीमारी में मरीज के रक्त की लाल कणिकाएं हंसिया के आकार की हो जाती हैं और जल्दी-जल्दी टूटने लगती हैं, जिससे गंभीर एनीमिया, पीलिया और तिल्ली के बढ़ने जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। उन्होंने बताया कि ये कणिकाएं शरीर के विभिन्न अंगों में फंसकर घुटनों, हाथ-पैर, सीने और पेट में असहनीय दर्द का कारण बनती हैं। कई बार ये मस्तिष्क और हृदय में फंसकर लकवा या हृदयाघात जैसी गंभीर स्थितियां उत्पन्न कर सकती हैं, जिससे मरीज की मृत्यु भी हो सकती है।

राष्ट्रीय मिशन का भी किया उल्लेख

राज्यपाल ने बताया कि इस बीमारी की रोकथाम और उपचार के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 21 नवम्बर 2021 को राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन का शुभारंभ मध्यप्रदेश से किया था। प्रथम चरण में झाबुआ और आलीराजपुर जिलों में पायलट परियोजना के रूप में कार्य प्रारंभ किया गया था। उन्होंने जिले द्वारा स्क्रीनिंग और डिजिटल कार्ड वितरण के लिए किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनजातीय समुदाय को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।

किसानों को योजनाओं से मिल रही मदद

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में किसानों को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से कृषि किट उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे किसानों को उत्पादकता और आय बढ़ाने में सहायता मिल रही है। उन्होंने कहा कि जनजातीय महिलाएं भी स्व-सहायता समूह के माध्यम से सामाजिक और आर्थिक विकास में योगदान कर रही हैं।

वर्चुअली किया बीज गोदाम और कृषि इकाई का लोकार्पण

राज्यपाल मंगुभाई पटेल द्वारा कृषि विज्ञान केंद्र, आलीराजपुर में स्थापित एकीकृत कृषि प्रणाली इकाई और बीज गोदाम का झाबुआ से वर्चुअली लोकार्पण रिमोट का बटन दबाकर किया गया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया, सांसद श्रीमती अनिता नागर सिंह चौहान, पूर्व सांसद श्री गुमान सिंह डामोर, कुलगुरु राजमाता विजयाराजे कृषि विश्वविद्यालय प्रो ए के शुक्ला, कलेक्टर नेहा मीना, पुलिस अधीक्षक डॉ शिवदयाल सिंह, जनप्रतिनिधि, अन्य अधिकारी कर्मचारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।


 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!