मानपुर के फार्म हाउस पर पुलिस की दबिश, बड़े जुआ अड्डे का भंडाफोड़; 18 जुआरी गिरफ्तार, बड़वानी के राजपुर में भी जुए का अड्डा संचालित होने की खबर
अवलीपुरा स्थित फार्म हाउस पर तड़के पुलिस की दबिश, नकदी, मोबाइल और कारें जब्त; कई जिलों से पहुंचे जुआरियों के खिलाफ जुआ एक्ट में मामला दर्ज

जनोदय पंच। मानपुर पुलिस ने अवलीपुरा के कोठी निवास फार्म हाउस पर तड़के दबिश देकर जुआ अड्डे का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई में 18 जुआरी पकड़े गए और पांच आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने मौके से नकदी, मोबाइल, ताश की गड्डियां और कारें जब्त कीं। इसी प्रकार बड़वानी के राजपुर में भी जुए के अड्डा संचालित होने की खबर चर्चा में है। राजपुर क्षेत्र में भी जुए के अड्डे संचालित होने की खबरें सामने आ रही हैं। स्थानीय स्तर पर ऐसे अड्डों के सक्रिय होने की चर्चाएं तेज हैं। नवागत एसपी श्री पद्मविलोचन शुक्ल के आने के बाद जिले में संचालित अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगने की संभावना है।
फार्म हाउस पर पुलिस की दबिश
इंदौर के मानपुर क्षेत्र में बुधवार तड़के पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम अवलीपुरा स्थित एक फार्म हाउस पर दबिश दी। बताया जा रहा है कि यह फार्म हाउस शहडोल कलेक्टर से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। पुलिस ने मौके से 18 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया, जबकि पांच आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
लाखों की नकदी और सामान जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 13 लाख 67 हजार 971 रुपए नकद, 52 ताश के पत्ते, 10 नई ताश की गड्डियां, 30 मोबाइल फोन और दो कारें जब्त कीं। जब्त की गई सामग्री की कुल कीमत करीब 28 लाख 67 हजार 971 रुपए बताई गई है।
बंद गेट के कारण पीछे से घुसी पुलिस
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम अवलीपुरा स्थित कोठी निवास फार्म हाउस में बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा है। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और टीम के साथ दबिश की योजना बनाई।
पुलिस टीम जब फार्म हाउस पहुंची तो मुख्य गेट बाहर से बंद था, लेकिन अंदर से लोगों की आवाजें सुनाई दे रही थीं। इसके बाद पुलिस पीछे के रास्ते से अंदर दाखिल हुई। वहां बरामदे में रोशनी के बीच कई लोग ताश के पत्तों पर दांव लगाकर जुआ खेलते मिले। पुलिस ने घेराबंदी कर 18 आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
कई जिलों से पहुंचे जुआरी
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों में धार, खरगोन, उज्जैन, बड़वानी, अलीराजपुर, देवास, झाबुआ और इंदौर सहित अन्य जिलों के लोग शामिल हैं। इनमें अलिया उर्फ अलाउद्दीन, विजय मोदी, आसिफ खान, ओमप्रकाश राठौड़, दीनदयाल जायसवाल, राहुल जैन, राहुल ओरा, स्वप्निल डुंगरवाल, नीतेश बंसल, नवीन पाटीदार, मनीष वाणी, अभिषेक सरसोंदे, अखिलेश इंदर, धीरज कर्मा, राकेश चौधरी, बृजसिंह यादव, रवि चौधरी और सागर सेन शामिल हैं।
पांच आरोपी मौके से फरार
कार्रवाई के दौरान जगदीश राठौड़ उर्फ अंकल उर्फ कुबड़ा, गोपाल (लिंबोदी, इंदौर), पप्पू धोबी (राजगढ़), आशीष जैन (बदनावर) और फार्म हाउस का केयरटेकर रंजीत जाट (रामपुरिया, मानपुर) मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
जुआ एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
मानपुर थाना प्रभारी लोकेंद्र हीहोर ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर फार्म हाउस पर दबिश दी गई थी। मौके से 18 लोगों को जुआ खेलते पकड़ा गया है, जबकि कुछ आरोपी फरार हो गए। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



