सेंधवा: राष्ट्रीय प्रदूषण नियंत्रण दिवस पर एनसीसी कैडेट्स ने चलाया नदी सफाई अभियान
एनसीसी कैडेट्स ने गोई नदी पर सफाई अभियान चलाकर प्लास्टिक के विकल्प अपनाने का संदेश दिया, साथ ही कविता प्रतियोगिता का आयोजन कर जागरूकता बढ़ाई।

राष्ट्रीय प्रदूषण नियंत्रण दिवस पर महाविद्यालय में एनसीसी कैडेट्स ने प्लास्टिक के विकल्प विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम के तहत गोई नदी पर सफाई अभियान चलाया गया और बड़ी मात्रा में प्लास्टिक तथा कचरा निकाला गया। साथ ही कविता प्रतियोगिता भी आयोजित हुई।
सेंधवा के वीर बलिदानी खाज्या नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय प्रदूषण नियंत्रण दिवस पर एनसीसी कैडेट्स द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्लास्टिक के हानिकारक प्रभावों को समझाते हुए पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना था। इस दौरान कैडेट्स को “बेहतर भारत के लिए प्लास्टिक के विकल्प” विषय पर जागरूक किया गया।

गोई नदी पर सफाई अभियान
कार्यक्रम के अनुरूप एनसीसी कैडेट्स ने सेंधवा शहर स्थित गोई नदी किनारे पहुँचकर सफाई अभियान चलाया। 9 एमपी बटालियन के पत्रानुसार वाटर बॉडीज की सफाई के सुझाव के आधार पर नदी और उसके आसपास फैली गंदगी, प्लास्टिक, फूलों की मालाएँ, पूजा सामग्री और अन्य अपशिष्ट को हटाया गया। कुछ कैडेट्स नदी में उतरकर पानी में पड़ी प्लास्टिक थैलियों और कचरे को बाहर लाए। अभियान के दौरान बड़ी मात्रा में प्लास्टिक और कचरा नदी से निकाला गया।
कविता प्रतियोगिता का आयोजन
कार्यक्रम के अंतर्गत “बेहतर भारत के लिए प्लास्टिक के विकल्प” विषय पर कविता प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतियोगिता में कैडेट्स ने प्लास्टिक मुक्त भारत और प्लास्टिक उपयोग को कम करने से जुड़े मुद्दों पर अपनी स्व-रचित कविताएँ प्रस्तुत कीं। कैडेट सिद्धी गुप्ता ने “आओ मिलकर एक सपना बुनें…” शीर्षक कविता प्रस्तुत की, वहीं कैडेट सुमित कलोसे ने “चलो बनाये नया सफर…” कविता के माध्यम से संदेश दिया।

कार्यक्रम में अधिकारी लेफ्टिनेंट प्रो संजय चौहान सहित सभी एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय में निर्धारित कार्यक्रमों के अनुसार किया गया और कैडेट्स द्वारा सक्रिय सहभागिता दिखाई गई।



