इंदौरमुख्य खबरे

इंदौर में अमोनिया गैस रिसाव से हड़कंप, पांच अस्पताल भेजे

ककतपुरा पुल के नीचे कबाड़ी द्वारा सिलेंडर काटने के दौरान हुआ रिसाव, प्रशासन ने बताया—सभी प्रभावित सुरक्षित

जनोदय पंच। इंदौर के रावजी बाजार थाना क्षेत्र में गुरुवार रात अमोनिया गैस रिसाव से हड़कंप मच गया। गैस के असर से दो महिलाओं सहित पांच लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई। सभी को एहतियातन अस्पताल भेजा गया। प्रशासन के अनुसार सभी की हालत स्थिर है।


रावजी बाजार में गैस रिसाव से मचा हड़कंप

इंदौर के रावजी बाजार थाना क्षेत्र में गुरुवार रात अमोनिया गैस के रिसाव से इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। गैस के फैलते ही आसपास मौजूद लोगों को घबराहट और सांस लेने में परेशानी महसूस होने लगी। एहतियातन दो महिलाओं समेत पांच लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया।

प्रशासन ने बताई सभी की हालत स्थिर

प्रशासन के अनुसार सभी प्रभावितों की स्थिति सामान्य है और कोई भी गंभीर रूप से प्रभावित नहीं हुआ है। सीएमएचओ डॉक्टर माधव हसनी ने बताया कि पांचों की हालत ठीक है। डीसीपी आनंद कालादगी ने भी स्पष्ट किया कि घटना में कोई गंभीर स्थिति नहीं बनी और सभी लोग सुरक्षित हैं।

सिलेंडर काटते समय हुआ रिसाव, कबाड़ी हिरासत में

डीसीपी आनंद कालादगी के मुताबिक ककतपुरा पुल के नीचे शहजाद नाम का एक कबाड़ी गैस से भरा सिलेंडर काट रहा था। इसी दौरान सिलेंडर में भरी अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शहजाद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। दमकल विभाग की टीम ने सिलेंडर को अपने कब्जे में लेकर मौके से हटाया तथा क्षेत्र में पानी का छिड़काव किया, जिसके बाद हालात नियंत्रण में आए। मामले की जांच जारी है।


 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!