इंदौर में भाजयुमो-कांग्रेस आमने-सामने, पथराव और वॉटर कैनन से हालात काबू
बैरिकेडिंग के बाद बढ़ा तनाव, दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच पथराव

-
गांधी भवन की ओर बढ़ रहे भाजयुमो कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका।
-
बैरिकेडिंग के दोनों ओर नारेबाजी के बाद पथराव।
-
पानी की बोतलें, पत्थर, संतरे और टमाटर फेंके गए।
-
भीड़ नियंत्रित करने वॉटर कैनन का उपयोग।
-
सब इंस्पेक्टर आरएस बघेल घायल, क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात।
जनोदय पंच। इंदौर में भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदर्शन के दौरान उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब कार्यकर्ताओं को कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़ने से पुलिस ने रोक दिया। मच्छी बाजार चौराहे पर की गई बैरिकेडिंग के बाद दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और कुछ ही देर में पथराव शुरू हो गया।
कैसे बढ़ा विवाद
जानकारी के अनुसार, दिल्ली में एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अर्धनग्न प्रदर्शन के विरोध में भाजयुमो ने गांधी भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय के घेराव का कार्यक्रम रखा था। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता गांधी भवन की ओर बढ़ रहे थे, जबकि वहां पहले से कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।

पथराव और पुलिस कार्रवाई
बैरिकेडिंग के दोनों ओर से नारेबाजी के बीच स्थिति बिगड़ गई। दोनों पक्षों की ओर से पत्थर, पानी की बोतलें, तेल की थैलियां, संतरे और टमाटर फेंके गए। हालात नियंत्रित करने के लिए पुलिस को वॉटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा।
घायल और मौजूदा स्थिति
पथराव के दौरान सब इंस्पेक्टर आरएस बघेल के सीने के पास पत्थर लगने से वे घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद गांधी भवन और आसपास के क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वरिष्ठ अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।



