इंदौर में छठी मंजिल से कूदकर महिला स्विमिंग कोच ने दी जान, लिव-इन पार्टनर हिरासत में

इंदौर। शहर के राऊ क्षेत्र स्थित बायपास पर बने पलाश परिसर में बुधवार देर रात एक महिला स्विमिंग कोच ने छठी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही राऊ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक कार्रवाई के दौरान पुलिस ने महिला के लिव-इन पार्टनर को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 33 वर्षीय निकिता कजरिया के रूप में हुई है, जो बीती रात करीब 1 बजे फ्लैट की बालकनी से कूद गई। स्थानीय लोगों ने नीचे उसका शव देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसपी कृष्णा लालचंदानी और टीआई राज राठौर मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
जांच में पता चला कि निकिता पिछले 10 साल से असीम राजन नाम के युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। दोनों पलाश परिसर के फ्लैट में किराए से रहते थे। देर रात हुई किसी बहस के बाद निकिता बेहद नाराज़ हो गई थी। पुलिस ने असीम राजन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस निकिता के दोस्तों और परिवार के सदस्यों से जानकारी जुटा रही है, ताकि यह पता चल सके कि वह किसी तनाव, विवाद या किसी अन्य कारण से परेशान थी या नहीं।
जांच के दौरान फ्लैट में गैस सिलेंडर खुला मिला, जिससे संकेत मिला कि निकिता ने पहले आग लगाने की कोशिश की थी, लेकिन सफल न होने पर उसने बालकनी से कूदकर अपनी जान दे दी। पुलिस मामले में सभी पहलुओं की जांच कर रही है।



