इंदौर: महू में महिला आईएएस के फार्म हाउस पर जुआकांड का खुलासा, थाना प्रभारी सहित तीन पुलिस अधिकारी निलंबित
महू के अलवीपुरा स्थित आईएएस वंदना वैद्य के फार्म हाउस पर छापेमारी में 18 जुआरी पकड़े गए, जबकि मुख्य आरोपी जगदीश राठौर उर्फ कूबड़ा सहित पांच आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले में मानपुर थाना प्रभारी सहित तीन पुलिस अधिकारियों को निलंबित किया गया।

जनोदय पंच; इंदौर के पास महू में आईएएस वंदना वैद्य के फार्म हाउस पर चल रहे जुए के मामले में पुलिस ने 18 लोगों को गिरफ्तार किया। मुख्य आरोपी जगदीश राठौर उर्फ कूबड़ा सहित पांच लोग फरार हो गए। देरी से कार्रवाई पर मानपुर थाना प्रभारी सहित तीन पुलिस अधिकारी निलंबित हुए।
महू के फार्म हाउस पर जुआकांड का खुलासा
इंदौर के समीप महू में एक महिला आईएएस अधिकारी के फार्म हाउस पर चल रहे जुआकांड का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। महू के पास अलवीपुरा स्थित आईएएस वंदना वैद्य के फार्म हाउस पर पुलिस ने छापा मारकर जुआ खेल रहे 18 लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
पुलिस कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी सहित पांच लोग मौके से फरार हो गए। फरार आरोपियों में जुआ खिलवाने वाला मुख्य आरोपी जगदीश राठौर उर्फ कूबड़ा शामिल है, जो अलग-अलग स्थानों पर लोगों को जुआ खिलाने के लिए जाना जाता है।
चौकीदार ने किराए पर दी थी जगह
जांच में सामने आया कि फार्म हाउस आईएएस वंदना वैद्य का है। फार्म हाउस पर नियुक्त चौकीदार ने मुख्य आरोपी जगदीश राठौर को एक दिन के किराए पर यह स्थान जुआ खेलने के लिए दे दिया था। पुलिस ने मामले में चौकीदार को भी आरोपी बनाया है। छापेमारी के दौरान पकड़े गए जुआरियों में ज्यादातर संभ्रांत परिवारों से जुड़े लोग बताए गए हैं।
देरी से कार्रवाई पर तीन पुलिस अधिकारी निलंबित
मामले में यह भी सामने आया कि मानपुर क्षेत्र में फार्म हाउस पर जुआ चलने की जानकारी अधिकारियों को पहले से थी, इसके बावजूद समय रहते कार्रवाई नहीं की गई। सूचना मिलने के बाद भी संबंधित थाना पुलिस मौके पर देर से पहुंची, जिससे मुख्य आरोपी सहित पांच लोग फरार हो गए।
इसके बाद विभागीय कार्रवाई करते हुए मानपुर थाना प्रभारी लोकेंद्र सिंह हिरवे, एसआई मिथुन ओसारी और एएसआई रेशम गिरवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।



