सेंधवा: मेरखेड़ी में 24 कुंडीय गायत्री महायज्ञ, एक लाख श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना
निवाली रोड स्थित मेरखेड़ी में 13 से 15 अप्रैल तक होगा आयोजन, संत श्री डेमनिया बाबा की प्रेरणा से अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वाधान में कार्यक्रम

जनोदय पंच। सेंधवा; सेंधवा के समीप मेरखेड़ी में 13 से 15 अप्रैल तक 24 कुंडीय गायत्री महायज्ञ आयोजित होगा। आयोजन में एक लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। कार्यक्रम में धार्मिक अनुष्ठान, कलश यात्रा, दीपयज्ञ, सांस्कृतिक कार्यक्रम और पूर्णाहुति सहित विभिन्न आयोजन होंगे।
सेंधवा से लगभग दो किलोमीटर दूर निवाली रोड स्थित ग्राम मेरखेड़ी (घटिया) में 13, 14 एवं 15 अप्रैल को 24 कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। इस तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन में दूर-दराज क्षेत्रों से करीब एक लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना व्यक्त की जा रही है। आयोजन स्थल के रूप में चयनित खेत को समतल कर फसल से मुक्त कर दिया गया है, ताकि श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

तैयारियां और साधना का क्रम
प्राप्त जानकारी के अनुसार आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। एक माह पूर्व ध्वज स्थापना कर तप, ध्यान एवं साधना का क्रम प्रारंभ किया गया, जो लगातार जारी है। आयोजन अखिल विश्व गायत्री परिवार शान्तिकुन्ज हरिद्वार के तत्वाधान में संत श्री डेमनिया बाबा की प्रेरणा से किया जा रहा है। इसके अंतर्गत विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा
13 अप्रैल को दोपहर 2 बजे छोटी बिजासन माता मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो सेंधवा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मेरखेड़ी पहुंचेगी। शाम 7 बजे कलश पूजन, युग संगीत एवं गुरु संदेश के साथ रात्रि में धार्मिक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
14 अप्रैल को प्रातः 4 बजे से जागरण, आरती, चालीसा, ध्यान, साधना एवं सामूहिक अनुष्ठान प्रारंभ होंगे। साथ ही प्रज्ञा योग, देव आव्हान एवं यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। शाम 5 बजे दीपयज्ञ एवं संगीतमयी ऋषि संदेश के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
15 अप्रैल को प्रातः 4 बजे से जागरण, आरती, चालीसा, ध्यान, साधना एवं सामूहिक अनुष्ठान के बाद यज्ञ की पूर्णाहुति की जाएगी। इसी दिन भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा एवं सामाजिक प्रतिभावान सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। अंत में विदाई समारोह के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
व्यवस्थाओं की तैयारी
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मार्निंग ग्रुप के सदस्यों ने आयोजक मंडल के साथ बैठक कर विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की। इस दौरान आयोजक गुलाब पटेल, नज़ा सोलंकी, हरसिंग तरोले, रमेश ब्रह्माने, तानसेन जमरे सहित मार्निंग ग्रुप के सदस्य सुनील अग्रवाल, राजेश मिश्र, गिरधारी गोयल, प्रदीप नाईक एवं कमलेश पालीवाल उपस्थित रहे। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।



