बड़वानी; बिजासन पहाड़ी पर जुआ खेलते पकड़ा गया आरोपी, 5,200 नकद और 4 बाइक जब्त
बिजासन माता मंदिर पहाड़ी क्षेत्र में ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेलने की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दबिश दी। कार्रवाई में एक आरोपी पकड़ा गया, जबकि अन्य फरार हो गए।

जनोदय पंच. बड़वानी में बिजासन माता मंदिर के पहाड़ी क्षेत्र में जुआ खेलने की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दबिश दी। मौके से वाल सिंह सोलंकी को पकड़ा गया। पुलिस ने 5,200 रुपये नकद, 52 ताश पत्ते और 4 मोटरसाइकिल जब्त की। प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पहाड़ी क्षेत्र में घेराबंदी कर दबिश
प्रभारी पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर के निर्देशन में तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) दिनेश सिंह चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बड़वानी निरीक्षक बलजीत सिंह बिसेन के नेतृत्व में अवैध रूप से जुआ एवं सट्टा खेलने-खिलाने वालों के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 12.02.2026 को थाना बड़वानी पुलिस को सूचना मिली कि नलती रोड बिजासन माता मंदिर के पहाड़ी क्षेत्र में कुछ व्यक्ति ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों से हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं।
पुलिस को देखकर भागे, एक पकड़ा गया
सूचना पर थाना बड़वानी पुलिस टीम द्वारा ग्राम बिजासन के दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में घेराबंदी कर दबिश दी गई। मौके पर जुआरी पुलिस को देखकर पहाड़ी की झाड़ियों और गड्ढों का लाभ उठाकर भागने लगे।
घेराबंदी कर एक व्यक्ति को पकड़ा गया, जबकि शेष व्यक्ति पहाड़ी एवं जंगल की भौगोलिक स्थिति का लाभ लेकर मौके से फरार हो गए।
52 ताश पत्ते, नकदी और बाइक जब्त
पकड़े गए व्यक्ति से पूछताछ पर उसने अपना नाम वाल सिंह सोलंकी बताया। मौके से त्रिपाल पर 52 ताश के पत्ते, फड़ पर रखे 4,000 रुपये नकद तथा आरोपी वाल सिंह के पास से 1,200 रुपये नकद जब्त किए गए। कुल 5,200 रुपये नकद एवं जुआ खेलने वालों की 04 मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
इन धाराओं में दर्ज हुआ प्रकरण
आरोपीगण के विरुद्ध थाना बड़वानी में अपराध धारा 13 जुआ एक्ट एवं 49 बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। साथ ही धारा 112(2) बीएनएस के अंतर्गत भी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि बड़वानी एवं आसपास क्षेत्र में अवैध जुआ एवं सट्टा गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
आरोपी का विवरण
आरोपी वाल सिंह पिता जगदीश सोलंकी, उम्र 29 वर्ष, निवासी मेमर फलिया, ग्राम नलती, थाना पाटी, जिला बड़वानी एवं 03 अन्य के विरुद्ध कार्रवाई दर्शाई गई है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक बलजीत सिंह बिसेन, उप निरीक्षक राजीव सिंह औसाल, सहायक उप निरीक्षक दीपक ठाकुर, प्रधान आरक्षक 229 जगजोध सिंह चौहान, आरक्षक 568 राकेश, आरक्षक पुरुषोत्तम, आरक्षक 279 चैतन, आरक्षक 492 तारिक, आरक्षक 91 अंतर सिंह, आरक्षक 567 आत्माराम, आरक्षक 54 राधेश्याम, आरक्षक 93 अजय, आरक्षक 515 हितेन्द्र एवं आरक्षक 678 दिनेश की सराहनीय भूमिका रही।



