पानसेमल: रेस्ट हाउस और 3 सड़क कार्यों को मंजूरी, विधायक श्याम बरडे ने जताया आभार
बजट 2026-27 में पानसेमल को 5.55 करोड़ की सौगात

जनोदय पंच। पानसेमल। मध्यप्रदेश बजट 2026-27 में पानसेमल विधानसभा क्षेत्र को महत्वपूर्ण विकास कार्यों की स्वीकृति मिलने पर पानसेमल विधायक श्याम बरडे ने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह का पानसेमल विधानसभा परिवार की ओर से हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया है।
विधायक श्याम बरडे ने बताया कि बजट में पानसेमल क्षेत्र के लिए कुल 5.55 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें पानसेमल में रेस्ट हाउस निर्माण के लिए 2.00 करोड़ रुपये की राशि शामिल है। वहीं पानसेमल से टाकली मार्ग के लिए 1.30 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त खेतिया से रोकड़िया हनुमान मंदिर मार्ग के लिए 1.60 करोड़ रुपये तथा वासवी पहुंच मार्ग के लिए 1.65 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। विधायक ने कहा कि इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी, आधारभूत संरचना मजबूत होगी और आमजन को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि पानसेमल विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। विधायक ने पुनः मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले समय में भी क्षेत्र की आवश्यकताओं को शासन स्तर पर प्राथमिकता से रखा जाएगा।



