सेंधवा में एनएसयूआई का प्रदर्शन, नीट पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार के खिलाफ सौंपा ज्ञापन
एसडीएम के माध्यम से केंद्र सरकार और एनटीए के नाम सौंपा ज्ञापन, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

जनोदय पंच। सेंधवा में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में बढ़ते भ्रष्टाचार के विरोध में एसडीएम के माध्यम से केंद्र सरकार और एनटीए के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में निष्पक्ष सीबीआई जांच, दोषियों पर कार्रवाई और छात्रों को न्याय दिलाने की मांग की गई।
एनएसयूआई ने सौंपा ज्ञापन
सेंधवा में एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे के निर्देशानुसार जिलाध्यक्ष शक्ति मालवीया और सेंधवा विधानसभा अध्यक्ष किशन शर्मा ने साथियों के साथ एसडीएम के माध्यम से केंद्र सरकार एवं एनटीए के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नीट परीक्षा में हुई अनियमितताओं की निष्पक्ष सीबीआई जांच कराने, एनटीए को तत्काल बैन करने तथा लाखों छात्रों के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ को रोकने की मांग की गई।

छात्रों के भविष्य को लेकर जताई चिंता
ज्ञापन में कहा गया कि जब मेहनत करने वाले छात्रों का भविष्य माफियाओं और भ्रष्ट व्यवस्था के हाथों गिरवी रख दिया जाए, तब आवाज उठाना जरूरी हो जाता है। एनएसयूआई ने कहा कि देश का युवा जवाब मांग रहा है कि आखिर कब तक पेपर लीक होते रहेंगे और छात्रों का भविष्य बर्बाद होता रहेगा। संगठन ने कहा कि वह छात्रों की आवाज बनकर हर अन्याय के खिलाफ संघर्ष करता रहेगा।

दोषियों पर कार्रवाई की मांग
राज्यपाल मध्य प्रदेश शासन भोपाल के नाम अनुविभागीय अधिकारी सेंधवा को दिए ज्ञापन में कहा गया कि नीट परीक्षा का पेपर लीक होने से लाखों युवाओं के भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि यह पहली बार नहीं बल्कि पांचवीं बार ऐसी स्थिति बनी है। शिक्षा मंत्री से दोषियों पर शीघ्र कार्रवाई करने और विद्यार्थियों का भविष्य सुरक्षित करने की मांग की गई। ज्ञापन में व्यापम घोटाले का उल्लेख करते हुए कठोर कार्रवाई की आवश्यकता बताई गई। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र गाडवे, किसान कांग्रेस अध्यक्ष सीलदार सोलंकी, प्रदेश महासचिव नीलू पटेल, शहर अध्यक्ष इकबाल शाह, मंडलम अध्यक्ष प्रशांत सेन, यश सैनी, क्यूंम पेंटर, फिरोज मंसूरी, विधायक प्रतिनिधि प्रिंस शर्मा, ब्लॉक संगठन महामंत्री निजाम खान एवं एनएसयूआई छात्र सेंधवा विधानसभा के वरिष्ठजन उपस्थित रहे।



