बड़वानी: 2016 बैच के आईपीएस पद्मविलोचन शुक्ला बने नए एसपी, गृह विभाग के आदेश के बाद पद्मविलोचन शुक्ला ने संभाली कमान
इंदौर रेल एसपी पद से स्थानांतरण, 1 मार्च को जारी हुआ गृह विभाग का आदेश

जनोदय पंच। बड़वानी जिले को नया पुलिस अधीक्षक मिल गया है। 2016 बैच के आईपीएस पद्मविलोचन शुक्ला ने पदभार संभाल लिया है। गृह विभाग ने 1 मार्च को आदेश जारी किया। पूर्व एसपी जगदीश डावर के सेवानिवृत्त होने के बाद पद रिक्त था।
मध्य प्रदेश सरकार के गृह विभाग ने 1 मार्च को आदेश जारी कर पद्मविलोचन शुक्ला को बड़वानी का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया। यह आदेश भोपाल स्थित वल्लभ भवन से जारी हुआ, जिस पर सचिव अभिषेक सिंह के हस्ताक्षर हैं। आदेश के बाद पद्मविलोचन शुक्ला ने जिले में पदभार ग्रहण कर लिया है।
पहले इंदौर में थे पदस्थ
पद्मविलोचन शुक्ला इससे पहले इंदौर में रेल एसपी के पद पर तैनात थे। 2016 बैच के आईपीएस अधिकारी के रूप में वे पुलिस विभाग में विभिन्न जिम्मेदारियां निभा चुके हैं।
बड़वानी जिले में काफी समय से एसपी का पद खाली था। पूर्व एसपी जगदीश डावर के रिटायर होने के बाद से धीरज बब्बर प्रभारी के रूप में कार्य देख रहे थे। स्थायी नियुक्ति के बाद अब जिले को नियमित पुलिस नेतृत्व मिल गया है।
बड़े आयोजन से पहले नियुक्ति
यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब 2 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में नागलवाड़ी में कृषि कैबिनेट की बड़ी बैठक प्रस्तावित है। इस कार्यक्रम से ठीक पहले जिले को स्थायी एसपी मिलना प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




