बड़वानी ; कलेक्टर ने ली राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक, राजस्व प्रकरणों के निराकरण में लाएं तेजी, लंबित कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश

जनोदय पंच। बड़वानी। कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह की अध्यक्षता मे गुरुवार कलेक्ट्रेट सभागृह बड़वानी में जिले के समस्त राजस्व अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने राजस्व विभाग के विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों और योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को कार्य में प्रगति लाने के निर्देश दिए।
बैठक में दिए गए एक महत्वपूर्ण निर्देश-
1.फार्मर आईडी रजिस्ट्रेशन के सम्बन्ध में कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी खरीफ सीजन में कृषकों को ई-विकास पोर्टल के माध्यम से ई-टोकन द्वारा उर्वरक वितरण किया जाना, जिसके अनुरूप कृषकों की फ़ॉर्मर आईडी बनाये जाने का कार्य प्राथमिकता से किया जाना है ताकि कृषकों को समय से खाद उपलब्ध हो सके। राजस्व एवं कृषि विभाग आपस में समन्वय कर विधिवत कार्य को पूर्ण करवाएं।
2.आरसीएमएस पोर्टल पर लंबित नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए श्रीमती सिंह ने निर्देश दिए कि समय-सीमा के भीतर लक्ष्य निर्धारित कर प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करें ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी न हो।
3.स्वामित्व योजना के अंतर्गत लंबित आरओआर कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने को कहा।
4.रबी गिरदावरी के सम्बंध में कलेक्टर ने राजस्व अमले को निर्देशित किया कि वे स्वयं खेतों का सर्वे कर वास्तविक डेटा पोर्टल पर अपडेट करें।
बैठक के दौरान कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं तहसीलदारों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लंबित प्रकरणों की निगरानी स्वयं करें। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग सीधे तौर पर आम जनता से जुड़ा है, अतः जनहित के कार्यों में संवेदनशीलता और पारदर्शिता सर्वाेपरि होनी चाहिए।



