बड़वानी: पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमसिंह पटेल ने सिलावद भगोरिया में बजाया ढोल, ढोल-मांदल पर थिरका जनसैलाब
जिले में 2 मार्च तक अलग-अलग स्थानों पर लगेगा भगोरिया हाट, प्रशासन सतर्क

जनोदय पंच। बड़वानी जिले में भगोरिया हाट मेले की रौनक चरम पर है। सिलावद सहित कई गांवों में दूसरे हाट में हजारों ग्रामीण शामिल हुए। पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमसिंह पटेल ने ढोल बजाकर सहभागिता की। प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं के विशेष इंतजाम किए हैं। उत्सव 2 मार्च तक जारी रहेगा।
बड़वानी जिले में आदिवासी संस्कृति के प्रतीक भगोरिया हाट मेले की धूम मची हुई है। बुधवार को सिलावद समेत कई गांवों में दूसरा हाट लगा, जहां हजारों ग्रामीण ढोल-मांदल की थाप पर थिरकते नजर आए। मेले में लोक संस्कृति के विविध रंग दिखाई दिए।

सिलावद के मेले में पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमसिंह पटेल भी शामिल हुए। उन्होंने ढोल बजाया और ग्रामीणों के साथ नृत्य किया। इस दौरान स्टेट हाईवे से एक बड़ी शोभायात्रा निकाली गई, जो शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए पुराने थाना ग्राउंड पहुंची। इसमें हजारों लोग शामिल रहे।
पारंपरिक रंग और बाजार की रौनक
मेले में आदिवासी समाज के लोग पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे। युवाओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाया और मोबाइल पर सेल्फी लीं। हाट में सजी दुकानों से लोगों ने होली का सामान, हार-कंगन, खजूर और जलेबी खरीदी। बच्चों ने झूलों और कुल्फी का आनंद लिया।

सुरक्षा और आगामी कार्यक्रम
भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीम दिनभर तैनात रही। पानी के टैंकर और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए। गुरुवार को तीसरा भोंगर्या हाट पाटी, राजपुर, दवाना और बलवाड़ी में लगेगा।

27 फरवरी को ठीकरी, वरला, तलवाड़ाडेब में आयोजन होगा। 28 फरवरी को ओझर, खेतिया, गंधावल में हाट लगेगा। 1 मार्च को बड़वानी, सेंधवा, पानसेमल और 2 मार्च को अंजड़, निवाली, जुलवानिया में आयोजन निर्धारित है।








