बड़वानी; 10 फरवरी से कुंदन नगर में होगी शिवभक्ति की महागंगा, शिवमहापुराण कथा को लेकर स्थल का निरीक्षण

बड़वानी। कुंदन नगर स्थित श्री कुन्दकेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में आयोजित होने वाली संगीतमय श्री शिवमहापुराण कथा को लेकर सोमवार को श्री कुन्दकेश्वर महादेव मंदिर समिति द्वारा आयोजन स्थल का निरीक्षण किया गया। इस दौरान समिति पदाधिकारियों ने पंडाल, कथा मंच, श्रद्धालुओं की बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, ध्वनि, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान समिति सदस्यों ने आयोजन को भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। समिति सदस्य विशाल निहाले ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता का भी प्रतीक बनेगा। उन्होंने बताया कि 10 फरवरी को भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा, जो कालिका माता मंदिर से प्रारंभ होकर कुंदन नगर स्थित श्री कुन्दकेश्वर महादेव मंदिर तक निकाली जाएगी। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन एवं मातृशक्ति पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगे।

निहाले ने बताया कि परम पूज्य पंडित विवेक शर्मा जी के मुखारविंद से श्री शिवमहापुराण कथा का वाचन किया जाएगा, जिसमें भगवान शिव की लीलाओं का सुमधुर, सरल एवं भावपूर्ण वाणी में वर्णन किया जाएगा। कथा प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक आयोजित होगी। समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण की जा रही हैं।
इस अवसर पर समिति सदस्य चंपालाल देवले ने कहा कि शिवमहापुराण कथा, पार्थिव पूजन, महाअभिषेक एवं शिव-पार्वती विवाह जैसे धार्मिक अनुष्ठानों से क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण निर्मित होगा। उन्होंने बताया कि महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर विशेष पूजा-अर्चना एवं महाअभिषेक किया जाएगा, वहीं कथा के समापन पर पूर्णाहुति एवं महाप्रसादी का आयोजन भी किया जाएगा।
इस दौरान समिति के सदस्य एवं नगरवासी उपस्थित रहे, जिनमें विशाल निहाले (आइडियल युवा), अनुज कमल, विशाल निगवाल, अतुल कमल, अनिल, कान्हा राज पटेल, प्रमिला निगवाल, ललिता नागर, रीना गौर, रजन्ना लोलंकी, सुशिला निहाले, कला दैवले, रीना जमरे, ममता, कमला आवास्या, भारती, निसा एवं हेमलता शामिल रहे।
समिति ने नगरवासियों एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है
खबर, सूचना, फोटो या वीडियो भेजने के लिए हमें व्हाट्सएप करें
बड़वानी शहर की ताजा खबरों के लिए ‘बड़वानी खबर’ व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें।




