बड़वानी पुलिस की देर रात बड़ी कार्रवाई, कॉम्बिंग गश्त में वारंटी और बदमाशों पर कसा शिकंजा
300 से अधिक पुलिस बल मैदान में, वारंट तामील, निगरानी बदमाशों की चेकिंग और अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई

बड़वानी जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस ने देर रात व्यापक कॉम्बिंग गश्त और सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में जिलेभर में एक साथ कार्रवाई कर अपराधियों पर दबाव बनाया गया।
अभियान में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), थाना प्रभारियों और 300 से अधिक पुलिसकर्मियों ने भाग लिया। देर रात गुंडे-बदमाशों के घरों पर दबिश देकर उनकी गतिविधियों की जांच की गई, जिससे जिले में सक्रिय असामाजिक तत्वों में हड़कंप की स्थिति रही।

वारंट तामील और बदमाशों की चेकिंग
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने 33 गिरफ्तारी वारंट और 17 स्थाई वारंट तामील किए। इसके साथ ही 59 निगरानी बदमाशों की चेकिंग की गई, जिनमें से 38 को डिजिटल बीट ऐप में दर्ज किया गया। वहीं 146 गुंडा तत्वों की जांच कर 92 को डिजिटल रिकॉर्ड में शामिल किया गया, जिससे उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।

संपत्ति अपराधी और जिला बदर पर नजर
अभियान के तहत चोरी, नकबजनी, लूट और डकैती से जुड़े 8 अपराधियों की जांच की गई, जबकि हाल ही में जेल से रिहा हुए 2 आरोपियों का सत्यापन किया गया। एक जिला बदर अपराधी की गतिविधियों की भी विशेष निगरानी की गई।

अवैध शराब और जुआ पर कार्रवाई
पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ 5 प्रकरण दर्ज कर 85 लीटर शराब जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत 6,500 रुपये बताई गई। इसके अलावा जुआ खेलते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 1,600 रुपये और ताश के पत्ते बरामद किए गए।

पुलिस का संदेश—अभियान जारी रहेगा
पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने कहा कि यह अभियान अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने की दिशा में प्रभावी कदम है। ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि अपराधियों में कानून का भय और आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम रहे।






