खेतिया में बड़ी चोरी, घर के सदस्यों को बंद कर लाखों के जेवर और नकदी ले उड़े चोर
भगवती नगर में देर रात घुसे चोर, परिवार को ऊपर बंद कर नीचे दिया वारदात को अंजाम

शंकर शिरसाठ। खेतिया। खेतिया में शनिवार-रविवार की रात चोरों ने एक घर में घुसकर लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर और एक लाख रुपए नकद चोरी कर लिए। वारदात के दौरान परिवार को ऊपर के कमरों में बंद कर दिया गया। पुलिस जांच में जुटी है।
रात में घुसे चोर, परिवार को किया बंद
बड़वानी। बड़वानी जिले के खेतिया में शनिवार रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। भगवती नगर निवासी सेवक राम नारगावे के घर चोरों ने लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर और एक लाख रुपए नकद चोरी कर लिए। सेवक राम नारगावे ने बताया कि शनिवार रात करीब 10 बजे परिवार के सदस्य नीचे के कमरों में ताला लगाकर ऊपर मंजिल पर सोने चले गए थे। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार रात करीब 3 बजे चोर घर में घुसे। उन्होंने सबसे पहले ऊपर के कमरों की कुंडी बाहर से लगा दी, ताकि परिवार नीचे न आ सके। इसके बाद नीचे के कमरों के ताले तोड़कर अलमारियों में रखे जेवर और नकदी निकाल ली।

सुबह हुआ खुलासा, पुलिस जांच में जुटी
रविवार सुबह करीब 7 बजे जब परिवार जागा, तो दरवाजा बाहर से बंद मिला। इसके बाद सेवक राम नारगावे ने पड़ोसी पुरुषोत्तम को फोन कर बुलाया, जिन्होंने कुंडी खोली। नीचे पहुंचने पर ताले टूटे मिले और सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोर 3 नेकलेस, 4 चेन, 3 मंगलसूत्र, 5 अंगूठियां, 8 चूड़ियां, कान के टॉप्स तथा भारी चांदी के कड़े और पायल चोरी कर ले गए। सूचना मिलते ही खेतिया पुलिस मौके पर पहुंची। चोरी की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। फिलहाल बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।




