सेंधवा में फोन पर जान से मारने की धमकी का आरोप, भाजपा अजजा मोर्चा जिलाध्यक्ष पर केस दर्ज
झिरी जामली निवासी युवक की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने दर्ज किया प्रकरण

सेंधवा। झिरी जामली निवासी एक युवक ने भाजपा अजजा मोर्चा के जिलाध्यक्ष पर फोन पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए शहर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भाजपा अजजा मोर्चा जिलाध्यक्ष के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
झिरी जामली निवासी राहुल सेनानी के अनुसार, उसके काका सुरेश सेनानी वनरक्षक के पद पर पदस्थ थे और शहीद भीमा नायक कॉलोनी, सेंधवा में निवास करते थे। करीब डेढ़ साल पहले पारिवारिक विवाद के चलते काकी अपनी दोनों बेटियों को लेकर अपने पिता के घर चली गई थीं। इसके बाद वह रेलाश सेनानी के साथ चली गईं, जबकि राहुल सेनानी और उसकी पत्नी काका सुरेश सेनानी के साथ रहने लगे।
राहुल सेनानी ने बताया कि 12 नवंबर को उसके काका सुरेश सेनानी का निधन हो गया था। इसके बाद उनकी दोनों बेटियों की देखरेख वह और उसकी पत्नी कर रहे हैं। इसी दौरान बच्चियों का कुछ सामान शहीद भीमा नायक कॉलोनी स्थित मकान में ही रह गया था।
इस सामान को लेकर 11 दिसंबर को रेलाश सेनानी के मोबाइल नंबर से राहुल सेनानी के मोबाइल पर कॉल आया। राहुल का आरोप है कि फोन पर रेलाश सेनानी ने उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। राहुल ने पुलिस को बताया कि भाजपा नेता द्वारा की गई फोन पर बातचीत की रिकॉर्डिंग भी उसके पास मौजूद है, जिसे उसने शिकायत के साथ प्रस्तुत किया है।
शिकायत के आधार पर शहर थाना पुलिस ने भाजपा अजजा मोर्चा जिलाध्यक्ष रेलाश सेनानी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



