खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरेसेंधवा

निवाली भोंगर्या हाट में शामिल हो सकते हैं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, तैयारियां तेज, विधायक-कलेक्टर ने किया निरीक्षण

सीएम के संभावित आगमन को लेकर जनजातीय बंधुओं में उत्साह, विभागों को दिए गए दिशा-निर्देश

सेंधवा- निवाली। रमन बोरखड़े। सेंधवा से करीब 15 किलोमीटर दूर निवाली क्षेत्र में प्रसिद्ध पारंपरिक भोंगर्या हाट की तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आयोजन में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। इसी के मद्देनजर विधायक श्याम बर्डे और कलेक्टर जयति सिंह ने निवाली पहुंचकर आयोजन स्थल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर जयति सिंह ने बताया कि निवाली का भोंगर्या हाट बड़े स्तर पर आयोजित होता है, जिसमें दूर-दराज से बड़ी संख्या में ग्रामीण आते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए विधायक के साथ व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई है। हाट में आने वाले ग्रामीणों की सुविधा, सुरक्षा, यातायात, पेयजल, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

विधायक: मुख्यमंत्री के आने की पूरी संभावना

विधायक श्याम बर्डे ने पुष्टि की कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के भोंगर्या हाट में शामिल होने की पूरी संभावना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन से यह क्षेत्र के लिए गौरव की बात होगी और उन्हें आदिवासी संस्कृति के पारंपरिक स्वरूप को करीब से देखने का अवसर मिलेगा।

प्रशासन: विभागों को जारी किए दिशा-निर्देश

प्रशासन द्वारा भोंगर्या हाट को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु संबंधित विभागों को भी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान पानसेमल एसडीएम, तहसीलदार सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

सामाजिक एकता का प्रतीक

विधायक श्याम बर्डे ने कहा कि “भगोरिया हाट हमारी समृद्ध आदिवासी परंपरा, संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक है। इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के लिए हम सभी संकल्पित हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि “मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आगमन को लेकर समस्त जनजातीय बंधुओं में विशेष उत्साह और हर्ष का वातावरण है।”

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!