बड़वानी; सरदार सरोवर परियोजना के विस्थापितों की रजिस्ट्री प्रक्रिया का कलेक्टर ने किया अवलोकन, हितग्राहियों को वितरित की भूखंड की रजिस्ट्री

बड़वानी; कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने जिला पंजीयन एवं स्टाम्प विभाग के कार्यालय में सरदार सरोवर परियोजना ( SSP) के विस्थापितों को आवंटित किए गए भूखंडों की रजिस्ट्री प्रक्रिया का अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने कार्यालय में दस्तावेजों के रख-रखाव और रजिस्ट्री की ऑनलाइन प्रक्रिया का अवलोकन कर जानकारी प्राप्त की । उन्होंने जिला पंजीयक एवं उप पंजीयक को निर्देश दिए कि विस्थापितों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा उनके कार्य पूरी पारदर्शिता और तत्परता के साथ समय सीमा में पूर्ण किए जाए। रजिस्ट्रियाँ पूर्णरूप से निःशुल्क की जाये। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि सभी हितग्राहियों को समयबद्ध एवं विधिसम्मत लाभ प्रदान हो तथा पुनर्वास प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित की जाये। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सरदार सरोवर परियोजना के विस्थापित हितग्राही श्री शोभाराम पिता मांगलिया को उनके आवंटित भूखंड के वैधानिक दस्तावेज (रजिस्ट्री) अपने हाथों से प्रदान किये। लंबे समय से प्रतीक्षित रजिस्ट्री प्राप्त कर श्री शोभाराम ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

कलेक्टर श्रीमती सिंह ने जिला पंजीयक को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण करें और कार्यालय में आने वाले नागरिकों के लिए बुनियादी सुविधाओं ( पेयजल, बैठने की व्यवस्था आदि ) का विशेष ध्यान रखें। इस अवसर पर जिला पंजीयक सहित राजस्व एवं पुनर्वास विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे।




