खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे

बड़वानी: असहाय महिला के अंतिम संस्कार से लेकर बुजुर्ग की जान बचाने तक पुलिस की सराहनीय पहल

पुलिसकर्मियों के उत्कृष्ट कार्य पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में किया गया सम्मान

जनोदय पंच। बड़वानी पुलिस ने मानवीय संवेदनाओं के साथ दो सराहनीय कार्य कर उदाहरण प्रस्तुत किया। एक ओर असहाय महिला के अंतिम संस्कार में सहयोग किया, वहीं दूसरी ओर यातायात पुलिस ने नदी में कूदने का प्रयास कर रहे बुजुर्ग की जान बचाई।

▶️ असहाय महिला के अंतिम संस्कार में पुलिस का सहयोग
बड़वानी जिले में पुलिस द्वारा कानून व्यवस्था के साथ-साथ मानवीय सेवा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। दिनांक 22 मार्च 2026 को ग्राम पलवट (पाटी) में एक असहाय महिला के निधन की सूचना मिलने पर थाना बड़वानी पुलिस के उप निरीक्षक कमल मोरे, प्रधान आरक्षक देवी सिंह मंडलोई, प्रधान आरक्षक अनार सिंह चौहान, आरक्षक दीपक देवलिया एवं आरक्षक खड़क सिंह मुवेल मौके पर पहुंचे।

पुलिस टीम ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए महिला के पार्थिव शरीर को वाहन में रखवाने से लेकर वाहन किराया तक की व्यवस्था स्वयं की। इसके साथ ही महिला के चार छोटे बच्चों के लिए भोजन की व्यवस्था भी पुलिसकर्मियों द्वारा आपस में राशि एकत्रित कर की गई। टीम ने पूर्ण सहयोग करते हुए शव को अंतिम संस्कार हेतु रवाना कराया।

▶️ यातायात पुलिस ने बचाई बुजुर्ग की जान, किया सम्मान
दिनांक 23 मार्च 2026 को थाना यातायात बड़वानी पुलिस द्वारा कसरावद स्थित नर्मदा नदी पुल पर वाहन चेकिंग के दौरान एक राहगीर से सूचना प्राप्त हुई कि एक बुजुर्ग व्यक्ति नदी में कूदने का प्रयास कर रहा है। सूचना मिलते ही सउनि जगदीश बांसले, आरक्षक जगदीश एवं आरक्षक अर्जुन ने तत्काल मौके पर पहुंचकर सतर्कता और सूझबूझ से बुजुर्ग को सुरक्षित बचा लिया।

पूछताछ में बुजुर्ग ने पारिवारिक कारणों से मानसिक रूप से परेशान होना बताया। पुलिस टीम ने समझाइश देकर उसे सुरक्षित थाना लाया और उसके परिजनों को सूचना देकर सकुशल सुपुर्द किया।

इन दोनों घटनाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को दिनांक 24 मार्च 2026 को पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, डीएसपी महिला सुरक्षा महेश सुनैया, रक्षित निरीक्षक चेतन बघेल, थाना प्रभारी कोतवाली बलजीत सिंह बिसेन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

पुलिस का संदेश भी साझा किया गया कि “बड़वानी पुलिस का उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की सहायता कर समाज में विश्वास एवं सुरक्षा की भावना को मजबूत करना भी है।”


 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!