आदिवासी अधिकार सम्मेलन में वन अधिकार, विस्थापन, शिक्षा और नर्मदा जल को लेकर गरजे कांग्रेस नेता
ग्राम गेरूघाटी में आदिवासी अधिकार सम्मेलन — वरला तहसील में वन पट्टे और नर्मदा का पानी के लिए गरजे आदिवासी

जनोदय पंच। सेंधवा। सेंधवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गेरूघाटी में आज आदिवासी अधिकार सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी , नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार जी, सेंधवा विधायक श्री मोंटू सोलंकी , कसरावद विधायक सचिन यादव, बड़वानी विधायक राजन मंडलोई, आदिवासी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष श्री रामू टेकाम जी एवं श्रीमती राजकला मोंटू सोलंकी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
सम्मेलन के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार एवं सेंधवा विधायक मोंटू सोलंकी ने अम्बापानी डेम से प्रभावित विस्थापित आदिवासी परिवारों, अतिथि शिक्षकों तथा आदिवासी मुक्ति संगठन के प्रतिनिधियों से प्रत्यक्ष मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान विस्थापित आदिवासियों के समर्थन में मजबूत एकजुटता देखने को मिली। नेताओं ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कांग्रेस परिवार पूरी मजबूती से आदिवासी समाज के साथ खड़ा है और इस संघर्ष की अगुवाई सेंधवा विधायक श्री मोंटू सोलंकी जी कर रहे हैं।
आदिवासी समाज को उनका हक दिलाकर रहेंगे
नेताओं ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार एवं आपका नेता मोंटू सोलंकी आपकी लड़ाई को विधानसभा में पूरी ताकत से लड़ेंगे और आदिवासी समाज को उनका हक दिलाकर रहेंगे।
सेंधवा विधायक श्री मोंटू सोलंकी जी ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि आदिवासी समाज को जानबूझकर वन अधिकार पट्टों से वंचित रखा जा रहा है। वरला तहसील में नर्मदा का पानी नहीं पहुंचने दिया गया, शिक्षा व्यवस्था को समाप्त कर अतिथि शिक्षकों के भरोसे छोड़ दिया गया है। अम्बापानी डेम के नाम पर आदिवासियों को उनकी पुश्तैनी जमीन से बेदखल किया जा रहा है, जो अन्याय और अत्याचार की पराकाष्ठा है।

मोंटू सोलंकी एक मजबूत और जुझारू नेता
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि मोंटू सोलंकी एक मजबूत और जुझारू नेता हैं, जो आदिवासियों की आवाज को पूरी ताकत से विधानसभा में उठाते हैं। उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर हमला बोलते हुए कहा कि जब भी आदिवासी अपने अधिकारों की बात करते हैं, उन्हें भड़काने का आरोप लगाया जाता है, जबकि हम गर्व से कहते हैं कि हम आदिवासी हैं, हमारी संस्कृति है, हमारे देवी-देवता हैं।
अतिथि शिक्षकों को नियमित किया जाएगा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि 25 वर्षों के भाजपा शासन में आदिवासी समाज को केवल झूठे वादे मिले हैं। मनावर की दर्दनाक घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 9 आदिवासियों को जिंदा गाड़ दिया गया, लेकिन सत्ता में बैठे लोगों ने एक शब्द तक नहीं कहा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर अतिथि शिक्षकों को नियमित किया जाएगा, वन अधिकार पट्टे दिए जाएंगे और नर्मदा का पानी हर आदिवासी गांव तक पहुंचाया जाएगा।

सम्मेलन में सेंधवा विधानसभा प्रतिनिधि अमरदीप चौहान, अस्तर भूगवाडे, सुरमल खोटे, शमशेर चौहान, वरला ब्लॉक अध्यक्ष दीपक चौहान, धवली ब्लॉक अध्यक्ष अजय द्विवेदी, सेंधवा ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र गाडवे, चाचरिया ब्लॉक अध्यक्ष गुलसिंग आर्य, बड़वानी जिला अध्यक्ष नानेश चौधरी सहित अरुण गुप्ता, दिलीप काका, गिरधारीलाल गोयल, किशोर राठौड़, रूपेश जैन, शांतिलाल (सरपंच), गुच्छा जमरा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन एवं आदिवासी समाजजन उपस्थित रहे। सम्मेलन में उपस्थित जनसमूह ने विस्थापित आदिवासियों के हक, अधिकार और सम्मान की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।







