बजट सत्र की तकरार सड़कों पर, बड़वानी में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, विजयवर्गीय का पुतला दहन

जनोदय पंच। बड़वानी। मध्य प्रदेश की सियासत में एक बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। बड़वानी जिला मुख्यालय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज कराया। यह प्रदर्शन विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार को लेकर दिए गए कथित ‘औकात में रहो’ बयान के खिलाफ किया गया। शहर के झंडा चौक स्थित ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय के सामने बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्रित हुए। नारेबाजी के बीच पुतला दहन किया गया और मंत्री से सार्वजनिक माफी तथा इस्तीफे की मांग उठाई गई। प्रदर्शन के दौरान माहौल पूरी तरह राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से भरा रहा।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बाबू दादा कोटवाल ने कहा कि विधानसभा के बजट सत्र के दौरान नेता प्रतिपक्ष जब इंदौर में दूषित पानी से हुई मौत मामलों के मुद्दों को उठाना चाह रहे थे, उसी दौरान मंत्री द्वारा की गई टिप्पणी लोकतांत्रिक गरिमा के खिलाफ है। कांग्रेस का आरोप है कि इस तरह की भाषा सत्ता के अहंकार को दर्शाती है और इससे जनप्रतिनिधियों की मर्यादा आहत होती है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जब तक मंत्री सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते और पद से इस्तीफा नहीं देते, तब तक विरोध जारी रहेगा। वहीं यह मामला बजट सत्र के दौरान सामने आया, जिसने राजनीतिक तापमान और बढ़ा दिया। मुख्यमंत्री की ओर से बयान पर खेद जताने की बात भी सामने आई, लेकिन विपक्ष इसे पर्याप्त नहीं मान रहा है। फिलहाल यह विवाद सियासी गलियारों से निकलकर सड़क तक पहुंच चुका है। आने वाले दिनों में यह मुद्दा और कितना तूल पकड़ेगा, इस पर सबकी नजर बनी हुई है।




