समृद्धि जिनिंग के तौल कांटे में 4 क्विंटल मक्का का अंतर, किसानों का हंगामा, तौल कांटा सील, मंडी सचिव बोली-निरस्त होगा व्यापारी का लाइसेंस

सेंधवा। रमन बोरखड़े। वरला रोड स्थित समृद्धि जिनिंग के तौल कांटे पर किसानों ने तुलाई में भारी गड़बड़ी किए जाने का आरोप लगाया। किसानों के अनुसार, व्यापारी द्वारा तौल कांटे में हेराफेरी कर दो से चार क्विंटल तक मक्का कम बताया गया। किसानों के हंगामे की सूचना मिलते ही मंडी सचिव सुमन बडोले मौके पर पहुंची। उन्होंने पंचनामा तैयार किया, किसानों के बयान लिए और तौल कांटे को तत्काल प्रभाव से सील किया।
यहां किसानों के साथ लूट हो रही
सूचना पर पहुंचे जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष सिलदार सोलंकी सोलंकी ने बताया कि किसान मक्का लेकर पहुंचे थे। भरे ट्रैक्टर और खाली ट्रैक्टर की तुलाई में असामान्य अंतर मिला। किसानों को संदेह होने पर उन्होंने बाहर दूसरे तौल कांटे पर खाली ट्रैक्टर का वजन कराया, जहां करीब चार क्विंटल का अंतर पाया गया। जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष सिलदार सोलंकी सोलंकी ने कहा कि यहां किसानों के साथ लूट की जा रही है। उनकी मांग है कि संबंधित व्यापारी पर एफआईआर दर्ज की जाए और अब तक खरीदी गई उपज की जांच कर किसानों को उचित राशि वापस दिलाई जाए।

वेरीफिकेशन प्रक्रिया पर सवाल
किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष सिलदार सोलंकी ने बताया कि व्यापारी के तौल कांटे का 25 नवंबर को वेरीफिकेशन किया गया था। उनका कहना है कि जिसने तौल कांटे का वेरीफिकेशन किया, उसने भी कथित रूप से रुपए लेकर गड़बड़ी वाले तौल कांटे को पास कर दिया। सिद्धार्थ सोलंकी ने मांग की कि वेरीफिकेशन करने वाले व्यक्ति पर भी एफआईआर दर्ज की जाए।
तौल कांटा सील, व्यापारी का लाइसेंस करेंगे निरस्त
मंडी सचिव सुमन बडोले ने बताया कि शिकायत में तौल में अंतर उजागर हुआ है। जांच के आधार पर व्यापारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी और लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया भी की जाएगी।




