बड़वानी में स्कूल चले हम’ अभियान पीएम श्री हाई स्कूल क्र.3 में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित

जनोदय पंच। बड़वानी। स्कूल चले हम’ अभियान के अंतर्गत आज बड़वानी के पीएम श्री हाई स्कूल क्रमांक-3 में भव्य जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री बलवंत सिंह पटेल,क्षेत्रीय विधायक श्री राजन मंडलोई ,जिला कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह उपस्थित रहे।
विद्यार्थियों का स्वागत और सामग्री वितरण
कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने स्कूल में पहली बार कदम रखने वाले नव-प्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। शिक्षा के प्रति बच्चों में अलख जगाने के उद्देश्य से कलेक्टर ने विद्यार्थियों को निशुल्क पाठ्यपुस्तकें एवं पात्र छात्र-छात्राओं को साइकिलें प्रदान कीं, ताकि उन्हें विद्यालय आने-जाने में सुगमता हो।संबोधन के दौरान कलेक्टर श्रीमती सिंह ने कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है जिससे बच्चे अपने सपनों को साकार कर सकते हैं। उन्होंने बच्चों को नियमित स्कूल आने और मन लगाकर पढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।

इस दौरान कार्यक्रम में उपस्थित जिला पंचायत अध्यक्ष श्री बलवंतसिंह पटेल ने का कि हमारे क्षेत्र में भी प्रतिभाओं की कमी नही है। कई बच्चे डाक्टर एवं इंजीनियर बने है। बच्चे अच्छी पढ़ाई करके अपने माता-पिता एवं गुरूजनों का नाम रौशन कर सकते है।
विधायक बड़वानी श्री राजन मण्डलोई ने कहा कि पाटी एवं सिलावद विकासखण्ड में बच्चों की शिक्षा हेतु पालकों को भी जागृत किया जाये साथ ही कमजोर बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाये।
इस अवसर पर सहायक आयुक्त श्री डामेर, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमति शीला सोलंकी, डीपीसी अशरफ खांन सहित जनपद पंचायत बड़वानी उपाध्यक्ष प्रतिनिधि श्री भूपेन्द्र गोयल एवं नगर पालिका बड़वानी के पार्षद श्री सचिन शर्मा एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।



