बड़वानी: जिला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल से मचा हड़कंप, धमकी के बाद वकीलों के चैंबर बंद, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट
तमिल भाषा में मिले ईमेल के बाद प्रशासन सतर्क, कोर्ट परिसर में छानबीन तेज

जनोदय पंच। बड़वानी जिला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से शुक्रवार को हड़कंप मच गया। तमिल भाषा में आए ईमेल में 15 गैस बम होने का दावा किया गया। प्रशासन ने कोर्ट खाली कराकर तलाशी शुरू की और पुलिस ने नाकाबंदी कर जांच प्रक्रिया तेज कर दी।
धमकी से मचा हड़कंप, कोर्ट कराया खाली
बड़वानी। जिला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई। एक अनजान ईमेल के जरिए मिली इस सूचना के बाद पुलिस और प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गए। शुक्रवार को आनन-फानन में कोर्ट परिसर को खाली कराया गया और चप्पे-चप्पे की तलाशी शुरू कर दी गई। खबर फैलते ही कोर्ट में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। वकीलों के चैंबर और आसपास की दुकानें भी एहतियातन बंद करा दी गईं।

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, बम स्क्वाड तैनात
मामले की गंभीरता को देखते हुए खरगोन से बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड को बुलाया गया। मौके पर एसपी, एडीएम और एडिशनल एसपी मौजूद रहे। कोतवाली थाना प्रभारी ने टीम के साथ कोर्ट के सभी दरवाजों को सील कर दिया। पुलिस ने कोर्ट की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर नाकाबंदी कर दी। कोर्ट के अंदर बम स्क्वायड और स्वाट टीमें सघन जांच में जुटी रहीं। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस को भी तैनात रखा गया।
ईमेल में 15 गैस बम का दावा, जांच जारी
प्रधान जिला सत्र न्यायाधीश महेन्द्र कुमार जैन ने बताया कि 20 मार्च की दोपहर 12 बजे एक ईमेल प्राप्त हुआ, जो तमिल भाषा में था। इसमें कोर्ट परिसर में 15 जहरीले गैस बम रखे होने और दोपहर 1 बजे विस्फोट होने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही एसपी को फोन पर अवगत कराया गया। मामले में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

पूर्व घटनाओं से जोड़कर जांच
मध्य प्रदेश में हाल के दिनों में अदालतों को निशाना बनाकर इस तरह की धमकियों की घटनाएं सामने आई हैं। इससे पहले सतना और मैहर कोर्ट को भी इसी तरह के ईमेल मिल चुके हैं। जांच एजेंसियां इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि इन घटनाओं के पीछे कोई संगठित गिरोह है या यह किसी की शरारत है।



