गबन और वित्तीय अनियमितता के मामले में निलंबित सहायक ग्रेड-2 के विरुद्ध एफआईआर दर्ज

बड़वानी; जिला प्रशासन द्वारा भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सेंधवा द्वारा प्राप्त जांच रिपोर्ट एवं अन्य दस्तावेज़ों के आधार पर निलंबित सहायक ग्रेड-2 पुष्पेन्द्र यादव(सेंधवा) के विरुद्ध पुलिस थाना सेंधवा शहर में एफआईआर दर्ज कराई गई है। आरोपी पर जनपद पंचायत राजपुर एवं सेंधवा में पदस्थापना के दौरान पोर्टल लॉगिन, पासवर्ड और डिजिटल हस्ताक्षर का दुरुपयोग कर कुल 2,73,10,895/- रुपये की शासकीय राशि का गबन करने का आरोप है।
जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी ने मुख्यतः मुख्यमंत्री संबल योजना एवं ग्रामीण विकास विभाग सहित अन्य विभागीय योजनाओं में विभिन्न मदों की राशि अन्य व्यक्तियों के निजी खातों में कपटपूर्ण रूप से आहरित राशि को जमा करना पाया गया। इस गंभीर वित्तीय अनियमितता और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध आईपीसी की धारा 409, 420 ,भ्रष्टाचार अधिनियम की विभिन्न धाराओं एवं मध्यप्रदेश पंचायत सेवा (आचरण) नियम 1988 के तहत मामला थाना सेंधवा शहरी में पंजीबद्ध किया गया हैं।



