खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे

राजपुर क्षेत्र में जुए पर पुलिस कार्रवाई, दमदमी में चार आरोपी पकड़े, अभी भी रात में बड़ी टेबल चलने की चर्चा

राजपुर थाना पुलिस ने ग्राम दमदमी में नहर किनारे जुआ खेलते चार आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 52 ताश के पत्ते और ₹21,500 नगदी जब्त की। सभी के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई, क्षेत्र में रात्रि के समय जुए की बड़ी टेबल चलने की चर्चा तेज

जनोदय पंच। बड़वानी जिले के राजपुर क्षेत्र के ग्राम दमदमी में पुलिस ने नहर किनारे जुआ खेलते चार आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा। आरोपियों से 52 ताश के पत्ते और ₹21,500 नगदी जब्त की गई। हालाकि इसके बाद भी क्षेत्र में रात्रि के समय जुए की बड़ी टेबल चलने की चर्चा भी जोरों पर है। खबर है कि जुआ संचालक रात में राजपुर के आसपास के ग्रामीण क्षेत्र में सेटिंग से बड़ी टेबल संचालित कर रहे है।

बड़वानी। पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल द्वारा जिले के समस्त थाना प्रभारियों को जुआ, सट्टा एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं। उक्त निर्देशों के पालन में थाना प्रभारी राजपुर निरीक्षक विक्रम सिंह बामनिया द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बड़वानी धीरज बब्बर एवं एसडीओपी राजपुर आयुष कुमार अलावा के मार्गदर्शन में टीम गठित कर क्षेत्र में अवैध जुआ, सट्टा एवं शराब के विरुद्ध सतत पतारसी की जा रही थी।

मुखबिर सूचना पर दमदमी में दबिश

इसी दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम दमदमी में नहर के पास कुछ व्यक्ति ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान चार व्यक्तियों को ताश के पत्तों पर जुआ खेलते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया।

चार आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट में मामला

पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम संजय पिता अरविंद परसाई, उम्र 34 वर्ष निवासी जवाहर चौक राजपुर, मनीष पिता गिरधारी कुशवाह, उम्र 34 वर्ष निवासी इमलीपुरा राजपुर, विकाश पिता हरिराम धनगर, उम्र 26 वर्ष निवासी इमलीपुरा राजपुर तथा भारत पिता घिसीलाल लेनारे, उम्र 35 वर्ष निवासी हाटबेड़ी राजपुर होना बताया। आरोपियों के कब्जे से 52 ताश के पत्ते एवं नगदी ₹21,500 जप्त कर थाना राजपुर में अपराध क्रमांक 160/26 धारा 13 जुआ एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

पुलिस टीम की रही भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजपुर निरीक्षक विक्रम सिंह बामनिया, उप निरीक्षक श्यामलाल यादव, सहायक उप निरीक्षक कृष्णकुमार आर्य, सहायक उप निरीक्षक प्रवीण मंडलोई, प्रधान आरक्षक मनोज चौहान, प्रधान आरक्षक राजेश बामनिया, प्रधान आरक्षक अमरसिंह मंडलोई, आरक्षक हेमंत कुशवाह, आरक्षक ओमप्रकाश पाटीदार, आरक्षक मंशाराम चौहान और आरक्षक सुनील की भूमिका रही।

रात्रि में जुए की बड़ी टेबल चलने की चर्चा

क्षेत्र में रात्रि के समय जुए की बड़ी टेबल चलने की चर्चा भी जोरों पर बताई जा रही है। दमदमी और आसपास के इलाके में देर रात जुए के बड़े दांव लगने की बातें सामने आ रही हैं, जिसके चलते यह मुद्दा स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है। थाना प्रभारी राजपुर निरीक्षक विक्रम सिंह बामनिया ने बताया कि पुलिस द्वारा लगातार अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई की जा रही है। यदि अभी भी जुआ संचालित होेने की सूचना मिलेगी तो कार्रवाई की जाएगी।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!