खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरेसेंधवा

सेंधवा के बिजासन घाट में भीषण हादसा, ट्रक खाई में गिरा, केबिन में फंसे तीन लोग, एक घंटे चला बचाव अभियान

मुंबई–आगरा नेशनल हाईवे पर हुए हादसे के बाद ग्रामीणों ने घाट को सुरक्षित बनाने की मांग उठाई

सेंधवा के बिजासन घाट में शुक्रवार देर शाम मुर्गी दाना लेकर जा रहा तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर 50 फीट गहरी खाई में गिर गया। हादसे में ट्रक दो टुकड़ों में बंट गया और केबिन में फंसे तीन लोगों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया।


बिजासन घाट में हुआ भीषण सड़क हादसा

जनोदय पंच। सेंधवा। मुंबई–आगरा नेशनल हाईवे पर स्थित बिजासन घाट में शुक्रवार देर शाम मुर्गी दाना लेकर जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रक बेकाबू होकर करीब 50 फीट गहरी खाई में जा गिरा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक दो टुकड़ों में बंट गया। हादसा उस समय हुआ जब ट्रक घाट उतरते समय संतुलन खो बैठा।

टैंकर और कार को मारी टक्कर

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार ट्रक ने पहले आगे चल रहे एक टैंकर को टक्कर मारी, इसके बाद एक कार को चपेट में लिया और गलत दिशा में जाते हुए सीधे गहरे गड्ढे में जा गिरा। हादसे के बाद ट्रक के केबिन में राजू वर्मा, पिंटू जाधव और लखन बुरी तरह फंस गए।

हादसे की सूचना मिलते ही बिजासन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस, ग्रामीणों और क्रेन की मदद से करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद केबिन में फंसे तीनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल हाईवे एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।

ग्रामीणों में आक्रोश, सुधार की मांग

बिजासन घाट में बार-बार हो रहे हादसों को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों का कहना है कि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से यह घाट डेथ ट्रैप बनता जा रहा है। उन्होंने धार जिले के गणेश घाट की तर्ज पर बिजासन घाट को सुरक्षित बनाने की मांग की। उल्लेखनीय है कि बिजासन घाट की बदहाल स्थिति का मुद्दा राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी द्वारा संसद में भी उठाया जा चुका है।


 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!