खरगोन-बड़वानीशिक्षा-रोजगार

बड़वानी में ‘मेरा युवा भारत और डिजिटल साक्षरता’ थीम पर रासेयो शिविर का शुभारंभ

आदर्श और विधि महाविद्यालय के संयुक्त संयोजन से ढाबाबावडी में होगा आयोजन

जनोदय पंच, बड़वानी। शासकीय आदर्श महाविद्यालय बड़वानी और शासकीय विधि महाविद्यालय बड़वानी के संयुक्त संयोजन में राष्ट्रीय सेवा योजना का सात दिवसीय शिविर आज से ढाबाबावडी में प्रारंभ हो रहा है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रमोद पंडित ने शिविर में जाने वाले विद्यार्थियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और कहा कि विद्यार्थी संस्कार, अनुशासन और परिश्रम के आधार पर ज्ञान, शील, एकता के मूल्य विकसित करें। शिविर की थीम मेरा युवा भारत और डिजिटल साक्षरता है, हमें अपनी युवा शक्ति का उपयोग राष्ट्रहित में करना है। राष्ट्रीय सेवा योजना के प्रेरणा पुरुष स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलकर एक उदाहरण प्रस्तुत करें। सभी विद्यार्थी आपस में समन्वय कर शिविर में होने वाले प्रातः जागरण से रात्रि में विश्राम तक शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक गतिविधियों में अपनी भूमिका निश्चित करें।

विधि महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. रविंद्र सिंह चौहान ने कहा कि यह शिविर आपके गुण संवर्धन के लिए है। इससे आप आपसी सद्भाव, समन्वय सीखेंगे और सात दिवस तक विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से अपने व्यक्तित्व को विकसित कर पाएंगे, इसलिए गंभीरता से सभी कार्यों में पूर्ण रूप से संलग्न रहें और सहयोग प्रदान करें। कार्यक्रम अधिकारी प्रो. राजाराम मुवेल, डॉ. कुल्हारे ने बताया कि यह शिविर भीमा नायक प्रेरणा केंद्र ढाबाबावडी में 19 जनवरी से प्रारंभ होगा, जहां प्रतिदिन जागरण के बाद योग, प्राणायाम, परियोजना कार्य, भोजन के पश्चात विश्राम और फिर बौद्धिक गतिविधियां, सायंकाल में ग्राम संपर्क तथा रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। शिविर की थीम मेरा युवा भारत और डिजिटल साक्षरता है, इसके माध्यम से युवाओं को प्रेरित कर डिजिटल साक्षरता से जोड़ना है, ताकि युवा सजग प्रहरी के रूप में अपनी भूमिका निर्वाह कर सकें। इस शिविर में विधि महाविद्यालय और आदर्श महाविद्यालय की 50 छात्र-छात्राओं की एक-एक इकाई रहेगी। आदर्श महाविद्यालय से डॉ. बी.एस. मुजाल्दा, डॉ. दिनेश कुमार पाटीदार को शिविर में मार्गदर्शन के रूप में बताया गया है। समन्वय कर इस शिविर के उद्देश्यों को पूर्ण करने में सभी की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!