बड़वानी में नौतपा का कहर, 43 डिग्री पार तापमान से जनजीवन प्रभावित और सड़कों पर सन्नाटा
बड़वानी, सेंधवा और राजपुर में भीषण गर्मी का असर, नर्मदा बैकवॉटर में राहत तलाश रहे लोग

जनोदय पंच। बड़वानी जिले में नौतपा की शुरुआत के साथ भीषण गर्मी का असर बढ़ गया है। तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने से जनजीवन प्रभावित हुआ है। आईएमडी ने लू की चेतावनी जारी की है, जबकि प्रशासन ने लोगों को दोपहर में घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है।
नौतपा के पहले दिन बढ़ी गर्मी
सोमवार को नौतपा के पहले दिन बड़वानी सहित सेंधवा, राजपुर, अंजड़ और पानसेमल क्षेत्रों में तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। रात में भी उमस बढ़ने से लोग परेशान रहे। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग गन्ने का रस, नींबू पानी, छाछ और कोल्ड ड्रिंक्स का सहारा लेते नजर आए।
नर्मदा बैकवॉटर में पहुंच रहे लोग
भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में लोग सुबह और शाम के समय नर्मदा नदी के बैकवॉटर पहुंच रहे हैं। घाटों पर परिवार सहित स्नान कर लोग राहत महसूस कर रहे हैं। बच्चे और युवा ठंडे पानी में खेलते दिखाई दिए। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आगामी दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई है। प्रशासन ने दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक बाहर न निकलने की अपील की है। जिला अस्पताल में लू-तापघात के मरीजों के लिए अलग वार्ड भी तैयार किया गया है।
डॉक्टरों ने लोगों को सिर ढककर निकलने, हल्के सूती कपड़े पहनने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है। मौसमी फल, छाछ और ओआरएस के सेवन पर भी जोर दिया गया है।



