खरगोन: बेटे ने बीमार मां की कुल्हाड़ी से की हत्या, देखभाल से परेशान होकर उठाया खौफनाक कदम
बीमार मां पर बेटे का हमला, मौके पर हुई मौत, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल

जनोदय पंच | खरगोन (भीकनगांव) खरगोन जिले के भीकनगांव में एक बेटे ने अपनी 80 वर्षीय बीमार मां की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। आरोपी शराब के नशे में था और मां की देखभाल से परेशान था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
खरगोन जिले के भीकनगांव में एक गंभीर वारदात सामने आई, जहां 80 वर्षीय रामई बाई की उनके बेटे विष्णु भील ने हत्या कर दी। घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। यह घटना शनिवार शाम भीकनगांव क्षेत्र में आरोपी के घर पर हुई। उस समय घर में विष्णु भील के अलावा कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था।
चार से पांच वार किए
बताया गया कि आरोपी ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और बिस्तर पर लेटी अपनी मां की गर्दन पर एक के बाद एक चार से पांच वार किए। हमले के बाद महिला की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने खून के निशान मिटाने के लिए कुल्हाड़ी छिपाई और शव पर पानी डालकर सफाई करने का प्रयास किया। मृतक रामई बाई 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला थीं, जो बीमार होने के कारण बिस्तर पर ही रहती थीं। आरोपी विष्णु भील उनका इकलौता बेटा है और हम्माली का काम करता है। वह शराब पीने का आदी बताया गया है, जबकि उसकी पत्नी बच्चों के साथ पीथमपुर में रहती है।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपनी मां की देखभाल से परेशान था और इसी कारण उसने वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल आरोपी न्यायिक हिरासत में है और मामले की आगे की कार्रवाई जारी है।



