बड़वानी में रासेयो शिविर के बौद्धिक सत्र में स्वास्थ्य और करियर पर हुआ व्याख्यान
सात दिवसीय शिविर में योग, परियोजना कार्य, बौद्धिक सत्र और सांस्कृतिक गतिविधियां जारी

जनोदय पंच बड़वानी। रासेयो के शिविर में बौद्धिक सत्र में स्वास्थ्य और करियर को लेकर व्याख्यान हुआ। राष्ट्रीय सेवा योजना का सात दिवसीय शिविर 19 जनवरी से धाबाबावडी में चल रहा है। इस शिविर की थीम मेरा युवा भारत एवं डिजिटल भारत है। शिविर में प्रातः 5.00 बजे जागरण के पश्चात प्रभात फेरी और योग, प्राणायाम शिविरार्थियों द्वारा किया जाता है। कार्यक्रम अधिकारी प्रो. मुवेल ने बताया कि योग, प्राणायाम के पश्चात परियोजना कार्य हेतु स्वयंसेवक जाते हैं, जिसमें पहाड़ी पर मार्ग दुरस्तीकरण, पहाड़ पर ट्रेंच, पेड़ों की क्यारियां, बोरी बंधान जैसे कार्य किए जा रहे हैं। दोपहर भोजन के पश्चात बौद्धिक सत्र का आयोजन हो रहा है। प्रति दिवस अलग-अलग विषय पर विषय विशेषज्ञ के माध्यम से मार्गदर्शन दिया जाता है। आज के सत्र में जिला स्वास्थ्य विभाग के सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. लखन गांगले ने स्वयंसेवकों को स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर व्याख्यान दिया और कहा कि आज नशा युवाओं के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनकर आया है।

अल्पायु में ही नशे से युवाओं की शक्ति क्षीण हो रही है और दुखद घटनाएं घटित होने से माता-पिता पर बच्चों की अर्थी का बोझ आ जाता है। शराब, बीड़ी, सिगरेट के साथ ड्रग भी आज युवाओं को प्रभावित कर रहा है। विभिन्न प्रकार की बीमारियों से ग्रसित बच्चों को शासकीय योजनाओं के माध्यम से लाभ दिलाकर उनका मार्गदर्शन करना है और इन्हें उचित प्रकार से बीमारी से मुक्त करना एक बड़ी समाज सेवा है। कार्यक्रम में करियर परामर्श और प्लेसमेंट विषय पर स्वामी विवेकानंद कैरियर प्रकोष्ठ के जिला नोडल डॉ. अनिल पाटीदार ने व्याख्यान देते हुए कहा कि आज युवाओं को करियर के लिए एक उचित रणनीति की आवश्यकता है, जिसमें सत्य निष्ठा, समय प्रबंधन और निरंतरता का उपयोग कर विद्यार्थी अपने जीवन को सफल दिशा प्रदान कर सकते हैं। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुनील कुल्हारे ने बताया कि बौद्धिक सत्र के पश्चात विद्यार्थी ग्राम संपर्क किए जाते हैं, जिसमें गांव में विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर लोगों में जागरूकता उत्पन्न करते हैं। स्वयंसेवक रात्रि में भोजन के पश्चात सांस्कृतिक गतिविधि आयोजन करते हैं, जिसमें विभिन्न विषयों पर नाटिका और सांस्कृतिक दृष्टि से नृत्य आदि प्रस्तुत किए जाते हैं। विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण और सोशल मीडिया जागरूकता को लेकर नाट्य मंचन किया। आज के कार्यक्रम का संचालन सपना बघेल, रवीन्द्र डोडवे ने किया। आज अर्जुन डोडवे निशीका बडोले ने कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वयंसेवक के प्रतिनिधि के रूप में की। शिविर में नियंत्रक दिलीप डोडवे विक्की भावना सोनू चौहान है।




