बड़वानी में जैन समाज को संगठित करने की पहल, जैन प्रबुद्ध मंच का गठन, मनीष जैन बने
जैन प्रबुद्ध मंच ट्रस्ट के माध्यम से समाज को एक मंच पर जोड़ने की पहल, डिजिटल प्लेटफॉर्म से राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एकता मजबूत करने का आह्वान

जनोदय पंच। बड़वानी जिले में जैन प्रबुद्ध मंच ट्रस्ट के गठन के साथ विभिन्न पदों पर नियुक्तियां की गई हैं। मनीष जैन को जिला अध्यक्ष, राजेश जैन (काला) को जिला सचिव, सोनम जैन को जिला महिला अध्यक्ष और सौरभ जैन को सेंधवा शहर अध्यक्ष बनाया गया है।
जैन प्रबुद्ध मंच ट्रस्ट का गठन
बड़वानी। सकल जैन समाज को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एकजुट करने की परिकल्पना अब साकार होती दिखाई दे रही है। इसी दिशा में मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले में जैन प्रबुद्ध मंच ट्रस्ट का गठन किया गया है। जैन प्रबुद्ध मंच ट्रस्ट मध्यप्रदेश राज्य संघ अध्यक्ष विजयपाल जैन (टोंग्या) एवं महिला संघ राज्य अध्यक्ष डॉ. प्रगति जैन ने जैन प्रबुद्ध मंच जिला बड़वानी का गठन कर विभिन्न पदों पर नियुक्तियां प्रदान की हैं। इसमें मनीष जैन को जिला अध्यक्ष, राजेश जैन (काला) को जिला सचिव, सोनम जैन (सेंधवा) को जिला महिला अध्यक्ष तथा सौरभ जैन (सेंधवा) को सेंधवा शहर अध्यक्ष मनोनीत किया गया है।
“जैनत्व ऐप” के माध्यम से डिजिटल पहचान
संघ ने समाज की डिजिटल पहचान को मजबूत करने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए “जैनत्व ऐप” लॉन्च किया है। नवनियुक्त जिला अध्यक्ष मनीष जैन एवं महिला जिला अध्यक्ष सोनम जैन ने बताया कि यह ऐप समाजजनों को एक ही मंच पर लाने का सशक्त माध्यम बनेगा। इसके माध्यम से धार्मिक, सामाजिक और सेवाकार्यों की नवीनतम जानकारी आसानी से उपलब्ध होगी। साथ ही जैन श्रावक कार्ड जैसी विशेष सुविधा भी जोड़ी गई है, जिससे प्रत्येक श्रावक को अलग डिजिटल पहचान मिल सकेगी।
सामाजिक पंच व्यवस्था की भी सुविधा
जिला सचिव राजेश जैन (काला) ने बताया कि ऐप में सामाजिक पंच व्यवस्था की भी व्यवस्था की गई है, जिसके माध्यम से छोटे-बड़े विवादों का निपटारा समाज स्तर पर सौहार्दपूर्ण ढंग से किया जा सकेगा। सेंधवा शहर अध्यक्ष सौरभ जैन का कहना है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ने से जैन समाज की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एकता और भी मजबूत होगी। समाजजनों से जैनत्व ऐप डाउनलोड कर इस डिजिटल पहल में सहभागी बनने का आह्वान भी किया गया।
समाजजनों ने दी शुभकामनाएं
इन नियुक्तियों पर जैन समाज के वरिष्ठ समाजसेवी स्थानक जैन समाज के पूर्व अध्यक्ष अशोक सकलेचा, संरक्षक प्रेमचंद सुराणा, बी एल जैन, सुरेश बागरेचा, भूषण जैन, निलेश जैन सहित अन्य समाजजनों ने बधाइयां देते हुए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।



