खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे
बड़वानी जिला मुख्यालय पर बैंक कर्मियों की एकदिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल, बैंकिंग कार्य रहा पूरी तरह ठप

जनोदय पंच। बड़वानी। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर आज दिनांक 27 जनवरी 2026 को जिला मुख्यालय बड़वानी पर बैंक कर्मचारियों द्वारा एकदिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आयोजन किया गया। हड़ताल के चलते जिले की अधिकांश बैंक शाखाओं में बैंकिंग कार्य पूरी तरह प्रभावित रहा, जिससे आम ग्राहकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बैंक कर्मियों की प्रमुख मांग पाँच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने को लेकर है। बैंक यूनियन पदाधिकारी अनमोल सुलिया ने बताया कि कर्मचारियों की यह मांग लंबे समय से लंबित है। सप्ताह में दो दिन अवकाश तय किए जाने से कर्मचारियों पर कार्य का दबाव कम होगा तथा ग्राहकों को बेहतर और प्रभावी बैंकिंग सेवाएँ उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
हड़ताल के दौरान बैंक कर्मचारियों ने शांतिपूर्ण तरीके से नारेबाजी करते हुए केंद्र सरकार से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द अमल नहीं किया गया तो भविष्य में आंदोलन को और अधिक व्यापक रूप दिया जाएगा।
इस हड़ताल में निर्मल मुराड़िया, संतोष कदम, राजेश यादव सहित अन्य साथियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए विशेष योगदान दिया।




