खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे
बड़वानी के मोजाली में दहशत, अज्ञात जंगली जानवर ने सोते लोगों को निशाना बनाया
पलसूद थाना क्षेत्र में आधी रात को हुआ हमला, घायलों का जिला अस्पताल में इलाज

जनोदय पंच। बड़वानी। ग्रामीण क्षेत्र में अज्ञात जंगली जानवर के हमले से दहशत का माहौल बन गया है। देर रात हुए हमले में एक बुजुर्ग महिला और एक बालिका घायल हुईं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
बड़वानी जिले के पलसूद थाना क्षेत्र के ग्राम मोजाली में बीती रात करीब 1 बजे अज्ञात जंगली जानवर ने गांव में घुसकर लोगों पर हमला कर दिया। इस हमले में दो से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।
बुजुर्ग महिला और बालिका को बनाया निशाना
हमले में 60 वर्षीय रजिया को अज्ञात जंगली जानवर ने निशाना बनाया, जिससे उनके मुंह और हाथ में चोटें आईं। इसके अलावा एक अन्य घर में खटिया पर सो रही 9 वर्षीय बालिका पर भी जानवर ने हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई।
अंधेरे में जानवर की पहचान नहीं हो सकी
घायलों के परिजनों ने बताया कि घटना के समय घर में लाइट बंद थी, जिससे अज्ञात जंगली जानवर को देखा नहीं जा सका। अचानक हुए हमले से गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।



