खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे

सेंधवा। विद्युत विभाग की लापरवाही से किसानों की गेहूं की फसल जली, सर्वे कर चार गुना मुआवजे की मांग, जिलाध्यक्ष सोलंकी ने लगाए आरोप

जनोदय पंच। सेंधवा। जिले में विद्युत विभाग की लापरवाही के चलते शॉर्ट सर्किट से किसानों की गेहूं की फसल जलने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इस संबंध में किसान कांग्रेस जिला बड़वानी के जिला अध्यक्ष सिलदार सोलंकी ने प्रभावित गांवों में पहुंचकर किसानों के खेतों का निरीक्षण किया और हुए नुकसान का जायजा लिया।

जिला अध्यक्ष सिलदार सोलंकी ने आरोप लगाते हुए बताया कि सेंधवा के नजदीक ग्राम बड़गांव में 12 मार्च को शॉर्ट सर्किट के कारण किसान हीरालाल की गेहूं की फसल में आग लग गई थी, जिसमें किसानों की काफी फसल जलकर नष्ट हो गई। इसके बावजूद विद्युत विभाग के कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचे। वहीं 13 मार्च को भी उसी खेत में दोबारा गेहूं की फसल में आग लगने की घटना सामने आई, लेकिन इसके बाद भी बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारी हरकत में नहीं आए।

इस दौरान सिलदार सोलंकी ने प्रशासनिक अधिकारियों और विद्युत कंपनी के अधिकारियों से फोन पर चर्चा कर घटना की जानकारी दी तथा इस बात पर नाराजगी जाहिर की कि जिम्मेदार अधिकारियों को इस गंभीर घटना की जानकारी तक नहीं थी। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि जिन किसानों की फसल शॉर्ट सर्किट से जली है, उनका तत्काल सर्वे कराया जाए और उन्हें चार गुना मुआवजा राशि दी जाए।

उन्होंने बताया कि शॉर्ट सर्किट की घटनाओं में जोगवाड़ा, ओझर, वारल्यापानी और बड़वानी के नजदीक बड़गांव सहित कई स्थानों पर किसानों की फसल को भारी नुकसान हुआ है। इस मामले में उन्होंने अधिकारियों से भी फोन पर चर्चा कर जल्द से जल्द उचित कार्रवाई करने की मांग की।

सिलदार सोलंकी ने कहा कि यदि किसानों को जल्द न्याय और उचित मुआवजा नहीं मिला तो किसान कांग्रेस किसानों के साथ मिलकर आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी। इस दौरान अधिवक्ता चेनु सिंह अछालिया, जिला उपाध्यक्ष गजानंद सोलंकी, रवि खरते, सुरेश जाधव, बहादुर, हीरालाल सहित किसान मौके पर मौजूद थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!