सेंधवा: 58.87 करोड़ की 5 जल परियोजनाओं को मंजूरी, तालाब-बेराज से बढ़ेगी सिंचाई क्षमता
अनुसूचित जनजाति आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष अंतरसिंह आर्य की अनुशंसा पर स्वीकृति, टेंडर प्रक्रिया पूरी, टेंडर स्वीकृति के बाद शुरू होंगे काम।

जनोदय पंच। सेंधवा विधानसभा क्षेत्र में किसानों को स्थायी सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने और कृषि उत्पादन बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। क्षेत्र में 5 प्रमुख तालाब एवं बेराज निर्माण परियोजनाओं को मध्यप्रदेश सरकार ने स्वीकृति दी है। कुल 58 करोड़ 87 लाख रुपए की लागत से निर्माण कार्य किए जाएंगे।
5 परियोजनाओं को मिली स्वीकृति
जानकारी के अनुसार अनुसूचित जनजाति आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष अंतरसिंह आर्य की अनुशंसा पर सेंधवा विधानसभा क्षेत्र में 5 जल संरचनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है। इन परियोजनाओं को तकनीकी स्वीकृति दिए जाने के बाद संबंधित विभाग द्वारा टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। टेंडर स्वीकृति के पश्चात शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
58.87 करोड़ से बनेंगे तालाब और बेराज
इस योजना के अंतर्गत कुल 58 करोड़ 87 लाख रुपए की लागत से तालाब एवं बेराज निर्माण कार्य होंगे। परियोजनाओं में दुगनी तालाब, कुंडिया तालाब, मालवण तालाब, थिंगली बेराज (फेज-2) और काली कुंडी बेराज निर्माण शामिल हैं।
स्वीकृत परियोजनाओं में दुगनी तालाब निर्माण के लिए 35 करोड़ 55 लाख रुपए, कुंडिया तालाब निर्माण के लिए 10 करोड़ 56 लाख रुपए, मालवण तालाब निर्माण के लिए 4 करोड़ 23 लाख रुपए, थिंगली बेराज (फेज-2) के लिए 4 करोड़ 46 लाख रुपए तथा काली कुंडी बेराज निर्माण के लिए 3 करोड़ 60 लाख रुपए की लागत निर्धारित की गई है।
भूमि पूजन शीघ्र, फिर तेज गति से होंगे कार्य
योजना के अंतर्गत शीघ्र ही इन कार्यों का भूमि पूजन आयोजित किया जाएगा। बताया गया है कि भूमि पूजन कार्यक्रम अंतरसिंह आर्य के कर-कमलों द्वारा किया जाएगा। इसके बाद निर्माण कार्यों को तीव्र गति से प्रारंभ कराया जाएगा।
किसानों को तीनों मौसम की फसल का लाभ
भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल ने बताया कि इन जल परियोजनाओं के पूर्ण होने से सेंधवा विधानसभा क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के स्थायी साधन उपलब्ध होंगे। इससे किसान तीनों मौसम में फसल लेने में सक्षम होंगे। साथ ही किसानों की आय में वृद्धि, जीवन स्तर में सुधार तथा क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होने की बात कही गई है।
अंतरसिंह आर्य बोले— किसान समृद्धि ही हमारा लक्ष्य
इस अवसर पर अनुसूचित जनजाति आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष अंतरसिंह आर्य ने कहा कि “सेंधवा क्षेत्र के किसान लंबे समय से सिंचाई सुविधा की मांग कर रहे थे। इन तालाबों एवं बेराजों के निर्माण से जल संकट दूर होगा और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। सरकार का उद्देश्य है कि हर किसान आत्मनिर्भर बने और क्षेत्र में विकास की नई धारा बहे।” उन्होंने बताया कि भूमि पूजन कार्यक्रम शीघ्र आयोजित किया जाएगा।

हजारों किसानों को प्रत्यक्ष लाभ का दावा
जानकारी के अनुसार इन परियोजनाओं से क्षेत्र के हजारों किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। सिंचित रकबा बढ़ने से कृषि उत्पादन में वृद्धि होने की उम्मीद जताई गई है। इसे सेंधवा विधानसभा क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया है।



